आगरा में जैतपुर क्षेत्र के गोपालपुरा में दर्दनाक हादसा, ननिहाल में आई चार वर्षीय मासूम बच्ची की खेलते समय वर्षों से बंद पड़े कुएं में गिरने से मौत, चार घंटे बाद बाहर निकाली जा सकी, रेस्क्यू में देरी को लेकर परिजनों ने किया हंगामा
-नीरज परिहार- जैतपुर (आगरा)। जनपद के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव गोपालपुरा में उस समय सनसनी फैल गई जब ननिहाल में आई चार वर्षीय मासूम बच्ची खेलते-खेलते अचानक गांव के वर्षों से बंद पड़े एक पुराने कुएं में गिर गई। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बच्ची को निकालने के लिए बुलाई गई एनडीआरएफ की टीम ने चार घंटे बाद बच्ची को कुएं से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

घटनास्थल पर मौजूद गांववासी।
जानकारी के अनुसार सिरसागंज (फिरोजाबाद) निवासी सौरभ की चार वर्षीय बेटी बिट्टू अपनी मां के साथ गोपालपुरा स्थित ननिहाल में आई हुई थी। गांव में वह अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी वह अचानक उस बंद पड़े कुएं के पास पहुंच गई, जिसे ढंका नहीं गया था। बताया जा रहा है कि कुआं लंबे समय से अनुपयोगी पड़ा था और उसमें जहरीली गैस होने की आशंका भी जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्ची के गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत परिजन दौड़ पड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुएं में जहरीली गैस होने की आशंका के चलते कोई भी व्यक्ति अंदर उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ टीम को सूचना भेजी गई। एनडीआरएफ की टीम जिस समय गांव पहुंची, तब तक बच्ची को कुएं में गिरे चार घंटे बीत चुके थे। एनडीआरएफ ने बच्ची को जब कुए से निकाला गया तो उसे तत्काल उपचार के लिए बाह सीएचसी पर भेजा गया। अस्पताल में डॊक्टर उसका जीवन नहीं बचा सके। इस दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर डटी रही।
बच्ची की मौत की खबर मिलने पर परिजनों और अन्य गांववासियों ने हंगमा शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि रेस्क्यू टीम बहुत देरी से गांव पहुंची, जिसकी वजह से उसे बाहर निकालने में देरी हुई और बच्ची की मौत हो गई। मौके पर मौजूद एसडीएम और एसीपी लोगों को समझा बुझाकर शांत कर रहे थे।