भरतपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, फतेहपुर सीकरी के मजदूर की मौत, दूसरा घायल
-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी (आगरा)। आगरा जनपद के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांव पतसाल के दो राजगीर मजदूरों को राजस्थान के भरतपुर में तेज रफ्तार ट्रोले ने टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रोले को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर सीकरी ब्लॉक के गांव पतसाल निवासी जगन्नाथ पुत्र मनोहरी (50 वर्ष) और डूंगर पुत्र गयाशीराम (48 वर्ष) प्रतिदिन की तरह राजस्थान के भरतपुर में राजगीरी का काम करने गए थे। सोमवार को काम खत्म करने के बाद दोनों मजदूर घर लौटने के लिए बरसो-भरतपुर मार्ग पर वाहन का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान आगरा की ओर से भरतपुर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रोले ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जगन्नाथ की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल आरबीएम अस्पताल, भरतपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में डूंगर पुत्र गयाशीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका भरतपुर के अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पुत्र कृष्ण कुमार भरतपुर पहुंचे और पुलिस की मौजूदगी में पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पतसाल लाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रोला चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। थाना पुलिस ने ट्रोले को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
अचानक हुए इस हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घायल मजदूर के शीघ्र स्वस्थ होने की सभी लोग कामना कर रहे हैं।