आगरा के फतेहपुर सीकरी में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी (आगरा)। आगरा-जयपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना सुबह लगभग 9:00 बजे रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट हुई, जब वाहन का इंतजार कर रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

May 28, 2026 - 19:23
 0
आगरा के फतेहपुर सीकरी में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक की पहचान सलमान खान (28 वर्ष) पुत्र इकराहीम, निवासी ग्राम उन्देरा के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार सलमान खान हाल ही में अपनी बहन के घर भरतपुर गया हुआ था और वहां से वापस लौट रहा था। सुबह वह हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार के लोगों ने बताया कि सलमान खान मुंबई में ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह बकरीद के त्योहार पर घर आया हुआ था और त्योहार मनाने के बाद वापस काम पर लौटने की तैयारी में था, लेकिन यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है।

पूर्णिमा पर वेद प्रचार, हवन-यज्ञ व भजन संध्या का होगा आयोजन

फतेहपुर सीकरी। ग्राम दूरा स्थित आर्य समाज विद्यालय के सामने रविवार 31 मई को पूर्णिमा के अवसर पर आर्य केंद्रीय सभा आगरा के तत्वावधान एवं आर्य समाज दूरा के सहयोग से वेद प्रचार कार्यक्रम का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत हवन-यज्ञ से होगी, जिसमें श्रद्धालु पावन आहुतियां देकर वातावरण एवं मन की शुद्धि करेंगे। इसके बाद भजनोपदेशक यादवेंद्र शास्त्री द्वारा भजन सत्संग एवं प्रवचन प्रस्तुत किए जाएंगे।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता आर्य अश्वनी एवं विकास आर्य वेदों के ज्ञान, सामाजिक जागरूकता और संस्कारों पर अपने विचार रखेंगे। आयोजन के दौरान समाज में फैली कुरीतियों, दहेज प्रथा, बाल विवाह एवं अंधविश्वास जैसी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।

आयोजकों ने वेदों के ज्ञान एवं वैदिक विचारधारा में रुचि रखने वाले नर-नारियों से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

SP_Singh AURGURU Editor