मिशन 2047 की नींव रखने वाला प्रशिक्षण: ब्रज क्षेत्र के 19 जिलों से आए 600+ कार्यकर्ताओं को आगरा में संगठन, विचार, बूथ प्रबंधन और डिजिटल शक्ति का सघन प्रशिक्षण, एमपीएस स्कूल में हुआ पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026
आगरा के एमपीएस स्कूल के सभागार में शनिवार को हुई भाजपा की क्षेत्रीय कार्यशाला संगठन को वैचारिक रूप से मजबूत, व्यवहारिक रूप से सक्षम और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की ठोस पहल साबित हुई। प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से भाजपा ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि मजबूत कार्यकर्ता ही मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं।

प्रशिक्षण महाअभियान में जुटे भाजपाजन।
आगरा। आगरा में आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 की ब्रज क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन एमपीएस स्कूल में किया गया। इस प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा, अनुशासन और व्यवहार के स्तर पर इस तरह सशक्त बनाना है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन 2047 – विकसित भारत की परिकल्पना को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें। इस प्रशिक्षण महाअभियान को पार्टी की वैचारिक रीढ़ मजबूत करने की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है।
कार्यशाला की अध्यक्षता ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने की, जबकि उद्घाटन राजू भंडारी, जोन सह संयोजक (प्रशिक्षण) द्वारा किया गया। समापन उद्बोधन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडे द्वारा दिया गया।
प्रशिक्षण ही संगठन की असली ताकत
इस मौके पर वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास 18 करोड़ से अधिक कार्यकर्ताओं की शक्ति है, लेकिन यह शक्ति तभी प्रभावी होगी जब हर कार्यकर्ता प्रशिक्षित, अनुशासित और वैचारिक रूप से स्पष्ट होगा। प्रशिक्षण का लक्ष्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि ऐसा कार्यकर्ता तैयार करना है जो मंडल, बूथ और गांव-गली तक संगठन की नीति, नीयत और संदेश को सही व्यवहार के साथ पहुंचा सके।
नेताओं ने जोर देकर कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही आगे जाकर अन्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे और संगठन की श्रृंखला को मजबूत बनाएंगे। यह महाअभियान उसी निरंतर प्रक्रिया की कड़ी है।
सात कक्ष, सात महापुरुष, सात विषय
कार्यशाला को सात कक्षों में संचालित किया गया, जिन्हें राष्ट्र के महान महापुरुषों के नाम पर रखा गया। कक्षों के नाम थे- पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार कक्ष, शिवाजी कक्ष, कुशाभाऊ ठाकरे कक्ष, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कक्ष, महाराणा प्रताप कक्ष, अटल बिहारी वाजपेयी कक्ष और बाबू कल्याण सिंह कक्ष।
इन कक्षों में सात विषयों पर सघन प्रशिक्षण दिया गया। भाजपा का इतिहास एवं विकास, भाजपा का वैचारिक अधिष्ठान, भाजपा की कार्य पद्धति, कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि, भाजपा का बूथ प्रबंधन (मन की बात, टिफिन बैठक, बूथ स्तरीय स्थायी कार्यक्रम), अपनी सरकार की उपलब्धियाँ एवं उनका क्रियान्वयन, तथा सोशल मीडिया, नमो ऐप, सरल ऐप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका के बारे में कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गई।
इन सात विषयों पर प्रशिक्षण देने वाले प्रमुख वक्ता क्रमशः संतोष सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी ब्रज क्षेत्र, दुर्विजय सिंह शाक्य अध्यक्ष ब्रज क्षेत्र, अशोक कटारिया पूर्व मंत्री एमएलसी, राजू भंडारी जोन सह संयोजक प्रशिक्षण, मानवेंद्र सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष एमएलसी, राजेंद्र अग्रवाल पूर्व सांसद एवं प्रदेश सह संयोजक प्रशिक्षण और कामेश्वर मिश्रा प्रदेश संयोजक आईटी रहे।
वक्ताओं ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि जब प्रशिक्षित कार्यकर्ता अपने जिलों और मंडलों में प्रशिक्षण देने जाएं, तो अनुशासन, भाषा, व्यवहार और संगठनात्मक मर्यादा का विशेष ध्यान रखें। संगठन की रीति-नीति केवल भाषण से नहीं, बल्कि आचरण से दिखाई देनी चाहिए।
नेतृत्व के विचार: विकसित भारत की राह
समापन उद्बोधन में डॉ. महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि विकसित भारत 2047 केवल सरकार का सपना नहीं, बल्कि हर कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा को आत्मसात कर, समाज के हर वर्ग तक सकारात्मक संदेश पहुँचाना ही कार्यकर्ता का वास्तविक कार्य है। अनुशासित और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा को गति दे सकते हैं।
उत्कृष्ट व्यवस्थाएं और व्यापक सहभागिता
कार्यशाला की व्यवस्थाओं में राजकुमार गुप्ता (सर्व व्यवस्था प्रमुख), रश्मि धाकड़ (पंजीकरण), टी.एन. अग्रवाल (भोजन), नवल तिवारी (मीडिया), अशोक पीपल (आवास), अवधेश रावत (साज-सज्जा), मनीष गौतम (सभागार एवं मंच), वीरेंद्र लोधी (स्वच्छता), हेमेंद्र शर्मा (अतिथि) और शैलू पंडित (सुरक्षा) की अहम भूमिका रही।
कार्यशाला में ब्रज क्षेत्र के 19 जिलों से अपेक्षित 602 कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। प्रमुख रूप से उपस्थित नेताओं में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसद नवीन जैन, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, धर्मपाल सिंह, जीएस धर्मेश, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, नवल तिवारी, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, रजनीकांत माहेश्वरी, अमित वाल्मिक, पूनम बजाज, नागेंद्र सिकरवार, टी.एन. अग्रवाल, विनोद चौधरी, विपिन डेविड, हेमंत असीजा, प्रेमपाल सिंह धनगर, सतपाल राठौर, राजेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।