अरनोटा पुल पर काल बनकर दौड़ा ट्रक: होली मनाने जा रहे परिवार की कार से आमने-सामने भिड़ंत, मासूम सहित दो की मौत, सात गंभीर

आगरा। जनपद के बाह-फतेहाबाद मार्ग स्थित अरनोटा पुल पर मंगलवार तड़के सुबह हुआ भीषण सड़क हादसा होली की खुशियों को मातम में बदल गया। तेज रफ्तार ट्रक और स्विफ्ट कार की आमने-सामने की टक्कर में एक मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में एक ही परिवार के नौ लोग सवार थे, जो नोएडा से अपने पैतृक गांव अग्निपुरा, गोहद (भिंड, मध्य प्रदेश) होली मनाने जा रहे थे।

Mar 3, 2026 - 13:59
 0
अरनोटा पुल पर काल बनकर दौड़ा ट्रक: होली मनाने जा रहे परिवार की कार से आमने-सामने भिड़ंत, मासूम सहित दो की मौत, सात गंभीर
फतेहाबाद थाना क्षेत्र में आगरा-बाह रोड पर अरनोटा पुल के पास बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार और पास में खड़ा वह ट्रक, जिसमें पीछे से कार घुसी।

हादसे में घायल लोग अस्पताल में उपचाररत।

तड़के 4:53 बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 4:53 बजे कार चालक भूरी सिंह पुत्र सरनाम सिंह निवासी अनुपुरा थाना गोहद, जिला भिंड (मध्य प्रदेश) अपनी पत्नी चंद्रिका, पुत्रियां अनन्या (11 वर्ष), शिवन्या (7 वर्ष), तनु (5 वर्ष) के अलावा अपने साथी रामकुमार (45 वर्ष) पुत्र बांकेलाल, उनकी पत्नी रेखा (40 वर्ष) तथा उनके बच्चे सुशांत (11 वर्ष) और मनदीप (8 वर्ष) के साथ नोएडा से गांव लौट रहे थे।

जैसे ही कार अरनोटा पुल के पास पहुंची, बाह की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

कार के उड़े परखच्चे, मासूम समेत दो की मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे में पांच वर्षीय तनु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आगे की सीट पर बैठे रामकुमार गंभीर रूप से घायल होकर कार में फंस गए। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर से कार को काटकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी भी मौत हो चुकी थी।

सात लोग घायल, हालत गंभीर

कार में सवार भूरी सिंह, चंद्रिका, अनन्या, शिवन्या, रेखा, सुशांत और मनदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

होली से पहले घर में पसरा सन्नाटा

जिस परिवार ने रंगों का त्योहार मनाने के लिए सफर शुरू किया था, उसी परिवार में अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। अरनोटा पुल पर हुआ यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की भयावह कीमत को सामने लाता है।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor