आगरा के उंदेरा में खेती की जमीन पर कब्जे के आरोप में भिड़े दो पक्ष, जमकर मारपीट, तीन घायल
-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी (आगरा)। थाना क्षेत्र के गांव उंदेरा में खेती की जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पट्टे की भूमि को जोतकर अपने खेत में मिलाने के आरोप को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पट्टे की भूमि को जोतने का लगाया आरोप
गांव उंदेरा निवासी लाखन सिंह पुत्र भवानी सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि खसरा संख्या 28 एवं खाता संख्या 663 की पट्टे की भूमि को कुछ लोगों द्वारा जोतकर अपने खेत में मिलाया जा रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
मारपीट में तीन लोग हुए घायल
शिकायतकर्ता के अनुसार मारपीट की घटना में जगदीश सिंह पुत्र मावसी, सूरज पुत्र लाखन सिंह तथा नीरज पुत्र लाखन सिंह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चिकित्सीय परीक्षण एवं उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
तहरीर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है।
Top of Form