प्रेम विवाह के दो माह बाद युवती की संदिग्ध मौत के दूसरे दिन परिजनों का हाईवे जाम कर हंगामा
आगरा में अंतर्जातीय प्रेम विवाह के दो माह बाद युवती कंचन की फांसी लगाकर मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न और जातिसूचक अपमान का आरोप लगाते हुए सुलतानगंज पुलिया पर जाम लगा दिया। पुलिस पर कार्रवाई न करने और आरोपियों को बचाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
सुलतानगंज पुलिया पर प्रदर्शन, पुलिस पर लापरवाही और पक्षपात के आरोप
आगरा। आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज दो महीने बाद एक युवती की फांसी लगाकर मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका कंचन, जो लगड़े की चौकी क्षेत्र की निवासी थी, ने करीब दो माह पूर्व शिवम वर्मा नामक युवक से अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था।
घटना के बाद कंचन के परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा कंचन का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा था। उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया जाता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों का आरोप-‘उत्पीड़न से तंग आकर दी जान’
कंचन के भाई ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बहन ने ससुराल में हो रहे अत्याचार से परेशान होकर आत्महत्या की है। परिवार का यह भी आरोप है कि स्थानीय पुलिस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय ससुराल पक्ष को बचाने की कोशिश कर रही है।
हाईवे जाम, मौके पर बढ़ा तनाव
पुलिस की कथित निष्क्रियता के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुल्तानगंज की पुलिया पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। इस प्रदर्शन के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
घटना ने एक बार फिर से प्रेम विवाह और अंतर्जातीय संबंधों को लेकर समाज में मौजूद तनाव और पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन परिजनों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और उन्हें न्याय मिले।