केंद्रीय हिंदी संस्थान में नौकरी दिलाने के नाम ठगी, प्रोफेसर समेत दो पर मुकदमा
आगरा में केंद्रीय हिंदी संस्थान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर छह लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर हरीपर्वत थाने में प्रोफेसर एचएस सोलंकी और विमला देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बच्चों की नौकरी लगवाने के नाम पर रकम ली गई, लेकिन न नौकरी लगी और न ही रुपये लौटाए गए।
आगरा। आगरा में केंद्रीय हिंदी संस्थान में नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मामले में कोर्ट के आदेश पर थाना हरीपर्वत में प्रोफेसर एचएस सोलंकी और विमला देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सुरेश चंद्र शर्मा ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनका परिचय प्रोफेसर एचएस सोलंकी से कराया गया था। इस दौरान आरोपियों ने उनके बच्चों की केंद्रीय हिंदी संस्थान में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग समय में करीब छह लाख रुपये लिए गए।
पीड़ित का कहना है कि लंबे समय तक आश्वासन दिए जाते रहे, लेकिन न तो नौकरी लगवाई गई और न ही रकम वापस की गई। जब शिकायतकर्ता ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
मामले की सुनवाई के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) शारीब अली ने थाना हरीपर्वत पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने के आदेश दिए। कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने प्रोफेसर एचएस सोलंकी और विमला देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपों से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।