फतेहपुर सीकरी में दो सड़क हादसेः मंडी समिति के पास बाइक-मैक्स की भिड़ंत में तीन घायल, दूरा रोड पर अज्ञात वाहन ने दो बाइक सवारों को मारी टक्कर, दोनों गंभीर घायल
-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक हादसा जयपुर नेशनल हाईवे पर हुआ, जबकि दूसरा दूरा रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। घायलों को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है।
हाईवे पर बाइक और मैक्स की भिड़ंत, महिला समेत तीन गंभीर
जयपुर नेशनल हाईवे स्थित मंडी समिति के समीप रविवार शाम करीब चार बजे बाइक और मैक्स वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात प्रभावित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आगरा की ओर से आ रही बाइक मंडी समिति के पास पहुंची थी, तभी सामने से आए मैक्स वाहन से उसकी भिड़ंत हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान बबली पत्नी बॉबी, राज पुत्र बॉबी तथा पंकज पुत्र निरंजन सिंह निवासी नगला रमले, कराई ब्लॉक फतेहपुर सीकरी के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया।
दूरा रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवक घायल
वहीं दूसरी घटना फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के दूरा रोड पर सामने आई, जहां टिकरी दूरा से टिकरी जाने वाले मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान रामगोपाल पुत्र भगवान सिंह तथा किसना पुत्र बलबीर निवासी गांव नगला मनसा, खैरागढ़ के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
हालत गंभीर होने पर दोनों को आगरा रेफर कर दिया गया। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।