आगरा में डीसीपी ऑफिस के बाहर दो महिलाओं का हाईवोल्टेज ड्रामा, एक ने किया आत्मदाह का प्रयास
आगरा में शुक्रवार को डीसीपी सिटी कार्यालय के बाहर दो अलग-अलग महिलाओं ने पुलिस कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। ट्रांस यमुना क्षेत्र की एक महिला ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया, जबकि ताजगंज की दूसरी महिला ने अपार्टमेंट में कथित देह व्यापार से जुड़े लोगों पर प्रताड़ना और झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाया। दोनों मामलों में डीसीपी सिटी ने जांच के आदेश दिए हैं।
दूसरी महिला बोली- “देह व्यापारियों से परेशान हूं, पुलिस नहीं सुन रही”
आगरा। आगरा में शुक्रवार को डीसीपी सिटी कार्यालय के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी शिकायतों से परेशान दो महिलाओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। दोनों महिलाओं का आरोप था कि कई बार शिकायत देने के बावजूद स्थानीय पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।
पहला मामला थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र से जुड़ा है। यहां की रहने वाली एक महिला शुक्रवार दोपहर डीसीपी ऑफिस पहुंची और अचानक खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क लिया। महिला माचिस जलाकर आत्मदाह करने ही वाली थी कि वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत दौड़कर उसे पकड़ लिया और उसके हाथ से माचिस छीन ली। घटना के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने महिला को शांत कराया और सुरक्षित स्थान पर बैठाकर उसकी बात सुनी।
महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुर रिटायर्ड दरोगा हैं और लंबे समय से उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। उसने बताया कि मारपीट का वीडियो होने के बावजूद थाना पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। कई बार शिकायत करने और थाने के चक्कर लगाने के बाद भी उसे न्याय नहीं मिला, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की। बाद में महिला को डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास के सामने पेश किया गया, जहां उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
देह व्यापारियों का विरोध पड़ रहा भारी
दूसरा मामला थाना ताजगंज क्षेत्र का है। यहां रहने वाली एक महिला ने डीसीपी कार्यालय पहुंचकर अपार्टमेंट में रहने वाले कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। महिला का कहना है कि अपार्टमेंट में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित किया जाता है और विरोध करने पर उसे और उसकी बेटियों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि पहले भी उसके और उसकी बेटी के साथ मारपीट की गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उसका कहना है कि पिछले एक साल से वह अधिकारियों के चक्कर काट रही है, लेकिन बसई चौकी पुलिस आरोपियों का ही पक्ष लेती है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उस पर और उसकी बेटियों पर देह व्यापार में शामिल होने का दबाव बना रहे हैं और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देते हैं। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने महिला की शिकायत सुनने के बाद पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस कार्यालय के बाहर बढ़ी हलचल
एक ही दिन में दो महिलाओं द्वारा पुलिस प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए जाने और हंगामा करने से डीसीपी कार्यालय के बाहर काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।