दो साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया, कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक का शव

आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय गौरव ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है।

Jul 3, 2026 - 20:03
 0
दो साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया, कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक का शव
विलाप करते परिजन।

आगरा। शमसाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद के चलते एक 27 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फंदे से लटककर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शमसाबाद कस्बे के टोला मोहल्ला निवासी गौरव (27) पुत्र मुकेश शुक्रवार को अपने कमरे में फंदे पर लटका मिला। जब परिजनों ने उसे देखा तो आनन-फानन में नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।

तीन साल पहले हुई थी शादी, दो साल का है बेटा

परिजनों के अनुसार, गौरव की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। उसका दो साल का एक बेटा भी है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद के चलते मानसिक तनाव में था। हालांकि, किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही शमसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थाना प्रभारी सुरेंद्र राव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।