आगरा के उज्ज्वल सिंह ने एनडीए-एसएसबी में मारी बाजी, भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का गौरव

आगरा। होनहार छात्र उज्ज्वल सिंह ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए चयनित होकर शहर को गौरवान्वित किया है। सैंट पीटर्स कॉलेज, आगरा के मेधावी छात्र और प्रतिभाशाली क्रिकेटर उज्ज्वल सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित एनडीए परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने के बाद एसएसबी साक्षात्कार में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया में 493वीं रैंक हासिल की है।

May 2, 2026 - 19:36
 0
आगरा के उज्ज्वल सिंह ने एनडीए-एसएसबी में मारी बाजी, भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का गौरव
फाइल फोटो- उज्ज्वल सिंह।

टीईएस में भी शानदार प्रदर्शन, देशभर में 28वीं रैंक

उज्ज्वल सिंह का चयन भारतीय सेना की टेक्निकल एंट्री स्कीम (टीईएस) में भी हुआ है, जहां उन्होंने पूरे देश में 28वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। टीईएस एक चार वर्षीय इंजीनियरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसके सफल समापन के बाद अभ्यर्थियों को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति दी जाती है।

शिक्षा और संस्कारों से मिली सफलता

उज्ज्वल सिंह एक शिक्षित और प्रेरणादायक परिवार से आते हैं। उनके पिता डॉ. मंयक प्रताप सिंह डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी), खंदारी में असिस्टेंट प्रोफेसर और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष हैं। उनकी माता रीना चौधरी बेसिक शिक्षा विभाग में अध्यापिका हैं। वह वरिष्ठ शिक्षक नेता एवं शिक्षाविद् डॉ. देवी सिंह नरवार के पौत्र हैं।

खेल के मैदान में भी दिखाया दम

उज्ज्वल सिंह केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि खेल के क्षेत्र में भी अग्रणी रहे हैं। वह स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट में प्रतिभाग कर चुके हैं।

इस उपलब्धि पर आरबीएस महाविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. ए. के. सिंह और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष डॉ. योगेन्द्र सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए परिवार को बधाई दी है। उज्ज्वल सिंह की इस सफलता से पूरे परिवार और शहर में गर्व और खुशी का माहौल है।

SP_Singh AURGURU Editor