आगरा में यमुना से मिला अज्ञात शव, लोहे के पुल के पास मची सनसनी
आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में लोहे के पुल के पास यमुना नदी से करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शिनाख्त नहीं हो सकी है और मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। पुलिस जांच में जुटी है।
आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब लोहे का पुल के पास मोती महल के नजदीक यमुना नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने नदी में शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है, ताकि पहचान सुनिश्चित की जा सके।
घटना की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत हादसा है, आत्महत्या है या फिर किसी साजिश का परिणाम। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।