मोदी सरकार के 12 वर्ष पर आगरा में केंद्रीय मंत्रियों ने समाज के अग्रणी चेहरों का किया सम्मान, जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां भी रखीं सामने

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन, सेवा और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत गुरुवार को होटल पीएल पैलेस में प्रबुद्धजन सम्मान एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यापारियों, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं, होटल व्यवसायियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों का केंद्रीय मंत्रियों ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को भी विस्तार से रखा गया।

Jun 18, 2026 - 18:04
Jun 18, 2026 - 19:06
 0
मोदी सरकार के 12 वर्ष पर आगरा में केंद्रीय मंत्रियों ने समाज के अग्रणी चेहरों का किया सम्मान, जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां भी रखीं सामने
आगरा के होटल पीएल पैलेस में गुरुवार को मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर अंतर्गत सम्मानित किये गये प्रबुद्धजनों के साथ केंद्रीय मंत्री डॊ. वीरेंद्र कुमार, प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायकद्वय डॊ. धर्मपाल सिंह, डॊ. जीएस धर्मेश, भाजपा अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता और अन्य।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल रहे। उनके साथ विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह तथा भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता की उपस्थिति रही।

समारोह में केंद्रीय मंत्रियों ने कहा कि समाज के प्रबुद्धजन राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, सामाजिक न्याय और विकास के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिनका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ आयकर अधिवक्ता एवं नेशनल चैंबर आयकर प्रकोष्ठ के अध्य़क्ष अनिल वर्मा एडवोकेट को सम्मानित करते केंद्रीय मंत्री डॊ. वीरेंद्र कुमार, प्रो. एसपी सिंह बघेल। 

इस अवसर पर आगरा के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, समाजसेवी, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, अधिवक्ता और होटल व्यवसायियों का सार्वजनिक रूप से अभिनंदन किया गया। सम्मानित होने वालों में के.के. पालीवाल, अनिल वर्मा, सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, गौतम सेठ, अंबा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, शलभ शर्मा, रोहित कत्याल, राजेश अग्रवाल तथा संजय ढींगरा प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी सम्मानित अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके सामाजिक योगदान का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि समाज के प्रबुद्ध वर्ग का सम्मान भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।

समारोह में नीतेश शिवहरे, मनवीर चौहान, गौरव शर्मा, सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor