आयुर्वेद और तकनीक का अनूठा संगम, आगरा के गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम में शुरू हुई डिजिटल नाड़ी परीक्षण सेवा
आगरा। शहर में आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए एक नई पहल की गई है। श्री चन्द्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा खतैना रोड स्थित प्रताप नगर में संचालित गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम में अब “डिजिटल नाड़ी परीक्षण सेवा” शुरू कर दी गई है। इस सेवा के माध्यम से आयुर्वेद के सिद्धांतों पर आधारित आधुनिक “नाड़ी तरंगणी मशीन” से स्वास्थ्य परीक्षण कर रोगों के निदान के लिए आयुर्वेदिक परामर्श और योग संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
यह आधुनिक डिजिटल नाड़ी तरंगणी मशीन एवं संबंधित सॉफ्टवेयर शहर की “बोलते ग्रन्थ साधना संस्थान” की ओर से दान स्वरूप सेवा ट्रस्ट को भेंट किया गया। संस्थान की अध्यक्षा श्रीमती राज अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष एल. के. वाधवा ने ट्रस्ट अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल एडवोकेट तथा ट्रस्टी डॉ. सुनीता गर्ग को यह मशीन औपचारिक रूप से सौंपी।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम पर यह स्वास्थ्य परीक्षण सेवा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक मात्र 100 रुपये शुल्क में उपलब्ध रहेगी। यहां आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. स्वर्णा सिंह तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जागृति अग्रवाल रोगों के निदान एवं उपचार संबंधी उचित परामर्श प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर डॉ. भानू प्रताप तिवारी, राजीव जैन, राकेश गर्ग, सचिन गोयल, नरेन्द्र कुमार अग्रवाल, रमेश चंद्र अग्रवाल, सीए मुकेश गोयल तथा नंदकिशोर गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल एडवोकेट ने दानदाता संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मशीन आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य परीक्षण को आमजन तक सुलभ और किफायती बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।