गुमनाम सेवा को मिला सम्मान: आगरा में ‘अनसंग हीरोज़’ को सलाम, मानवता के नायकों का अभिनंदन
आगरा। समाज के उन सच्चे कर्मयोगियों को आखिरकार पहचान मिली, जो बिना किसी प्रसिद्धि की चाह के निःस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा में जुटे हैं। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा विगत दिवस प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में ‘अनसंग हीरोज़ अवार्ड समारोह 2026’ का भव्य आयोजन किया गया, जहां समाजसेवा के गुमनाम नायकों को सम्मानित कर नई ऊर्जा और प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम की गरिमा मुख्य अतिथि राम बदन सिंह, एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस, आगरा तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. आरके त्यागी, ट्रस्टी - आर्ट ऑफ लिविंग की उपस्थिति से और बढ़ गई। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद सभी अतिथियों का ससम्मान स्वागत किया गया।
संस्था की एसटीसी (यूपी) डॉ. रश्मि मिश्रा ने पुरस्कार की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह सम्मान उन लोगों को दिया जा रहा है, जिन्होंने वंचित वर्गों के उत्थान, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता, बालिका शिक्षा और महिला उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ‘अनसंग हीरोज़’ को सम्मानित किया गया, जिनमें मोनिका अरोड़ा (बिजनेस एंड फिलैंथ्रॉपी अवार्ड, मथुरा), ऋषिका मिश्रा (यूथ लीडरशिप अवार्ड, आगरा), परदादा-परदादी एजुकेशन सोसाइटी (बिजनेस एंड फिलैंथ्रॉपी अवार्ड, बुलंदशहर) तथा दीप्ति गुलाटी (बिजनेस एंड फिलैंथ्रॉपी अवार्ड, झांसी) शामिल रहे।
मुख्य अतिथि राम बदन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि असली नायक वही होते हैं जो बिना किसी अपेक्षा के समाज के लिए कार्य करते हैं। ऐसे लोगों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. आरके त्यागी ने इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा मिलता है।
आर्ट ऑफ लिविंग, यूपी वेस्ट के एपेक्स मेंबर डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि यह मंच उन कर्मवीरों के लिए है, जो पर्दे के पीछे रहकर समाज में बदलाव की नींव रखते हैं। सभी सम्मानित विजेताओं ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने समाज में बदलाव के लिए शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को जरूरी बताते हुए कहा कि हर बेटी को शिक्षित करना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना ही उनके प्रयासों का मूल उद्देश्य है।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। विद्यालय की छात्राओं अंकिता सिंह और अनिका यादव ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन मोना काबरा ने किया।
इस अवसर पर विपुल गुप्ता, विक्रम बत्रा, दिगंबर सिंह, नीलम खन्ना, अनुराग अरोरा, डॉ. चीनू अग्रवाल, रुचिरा ढल, आशीष ढल, सुनीता गुप्ता, नीता सरीन, प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल, डॉ. रश्मि गांधी, नरेंद्र कुशवाह, अर्पणा सक्सेना, डॉ. सुनीता शर्मा, आस्था अरोरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में डॉ. सुशील गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया।