जमीन विवाद पर छावनी परिषद में बवाल, महिला ने खुद पर उड़ेला पेट्रोल, मची अफरा-तफरी

आगरा के छावनी परिषद कार्यालय में जमीन विवाद को लेकर पहुंचे महिलाओं के समूह ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान एक महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया, जिससे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। महिला कर्मचारियों और स्टाफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला पर पानी डालकर उसे काबू किया और बड़ा हादसा टाल दिया। घटना के बाद अन्य प्रदर्शनकारी महिलाओं को कार्यालय से बाहर कर दिया गया।

Jul 15, 2026 - 16:40
 0
जमीन विवाद पर छावनी परिषद में बवाल, महिला ने खुद पर उड़ेला पेट्रोल, मची अफरा-तफरी
छावनी परिषद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल।

आगरा। आगरा के छावनी परिषद कार्यालय में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन विवाद को लेकर पहुंची महिलाओं ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया, जिसके बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद महिला कर्मचारियों और अन्य स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए महिला को संभाला और बड़ी अनहोनी होने से बचा लिया।

जानकारी के अनुसार, बालूगंज क्षेत्र की रहने वाली कुछ महिलाएं अपनी जमीन से जुड़े विवाद के समाधान की मांग को लेकर छावनी परिषद कार्यालय पहुंची थीं। महिलाओं का आरोप था कि लंबे समय से मामला लंबित है, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने कार्यालय परिसर में विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान अचानक एक महिला अपने साथ लाई गई बोतल से पेट्रोल निकालकर खुद पर डालने लगी। महिला की इस हरकत को देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद महिला कर्मचारियों ने तुरंत दौड़कर उसे पकड़ लिया और उसे शांत कराने की कोशिश की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने बाल्टियों से महिला पर पानी डालना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला पर करीब 10 से 15 बाल्टी पानी डाला गया, ताकि पेट्रोल का असर खत्म हो सके और कोई अप्रिय घटना न हो। इस दौरान महिला लगातार चीखती-चिल्लाती रही और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताती रही।

कार्यालय परिसर में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में कर्मचारियों और अधिकारियों ने किसी तरह महिला को शांत कराया। वहीं, अन्य प्रदर्शनकारी महिलाओं को कार्यालय परिसर से बाहर कर दिया गया।

घटना के बाद छावनी परिषद कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल अधिकारियों की ओर से पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिलाओं और संबंधित पक्ष के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है।