पांच करोड़ की जमीन के बैनामे को लेकर फतेहाबाद तहसील में बवाल, एक महिला के तीन दामाद आए आमने-सामने, पुलिस को दखल देना पड़ा
आगरा। फतेहाबाद तहसील स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में शुक्रवार को लगभग पांच करोड़ रुपये मूल्य की जमीन के बैनामे को लेकर जमकर हंगामा हो गया। दरअसल एक महिला तीन दामाद इस जमीन को लेकर आमने-सामने आ गये। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और रजिस्ट्री कार्यालय में तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
फतेहाबाद तहसील के रजिस्ट्री कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन के बैनामे को लेकर एक ही परिवार के लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया। जानकारी के अनुसार, अहीरपुरा गांव की राधा देवी की तीन बेटियां हैं। उसने अपनी तीनों बेटियों के नाम वसीयत कर दी थी। बाद में एक दामाद लाखन सिंह ने यह कहकर अपने नाम रजिस्ट्री करा ली थी कि जमीन बेचकर दो अन्य दामादों को उनके हिस्से की धनराशि दे देगा।
जिस दामाद लाखन सिंह के नाम जमीन की रजिस्ट्री हो चुकी थी, वह आज गुपचुप इस जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य के नाम करने पहुंचा था। इसकी भनक लगने पर महिला के अन्य दो दामाद भी वहां पहुंच गए और प्रस्तावित बैनामे का विरोध करने लगे। वे रजिस्ट्री से पहले अपने हिस्से का पैसा मांग रहे थे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिससे रजिस्ट्री कार्यालय में हंगामे की स्थिति बन गई। विवाद के कारण वहां मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। लाखन सिंह ने विगत दिवस भी रजिस्ट्री करने की कोशिश की थी, लेकिन सफल न होने पर आज फिर प्रयास किया था।
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और हालात पर नियंत्रण स्थापित किया तथा दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस की मौजूदगी के बाद स्थिति सामान्य हुई, हालांकि कुछ समय तक रजिस्ट्री कार्यालय में तनाव का माहौल बना रहा।
सूत्रों के अनुसार, जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ, उसकी कीमत पांच करोड रुपये बताई जा रही है। इसी वजह से दोनों पक्ष अपने-अपने दावे को लेकर आमने-सामने आ गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हो सकी थी।