सड़क हादसे के बाद बवाल पड़ा भारी, फतेहाबाद में 19 आरोपी गिरफ्तार, जाम और उपद्रव पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद हुए उपद्रव और सड़क जाम मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 15 जून को ग्राम पूठपुरा उझावली के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया था। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई, तोड़फोड़ की गई और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया गया। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पूठपुरा उझावली के पास 15 जून को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए थे। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया था। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अभी तक 19 लोगों को सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप में गिरफ्तार किया है। बाकी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, जाम के दौरान कुछ लोगों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने का प्रयास किया। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस कार्रवाई में अवरोध उत्पन्न करने तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं भी सामने आईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पहुंचना पड़ा था। काफी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया गया और हालात सामान्य किए गए।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के संबंध में थाना फतेहाबाद में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ, स्थानीय जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच को तेज किया गया।
विशेष टीम की कार्रवाई, 19 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद और चिन्हित आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया। जांच के दौरान 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों की लगातार जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।