अमेरिकी डेलीगेशन ने ब्रज की संस्कृति को किया नमन: आगरा के वैश्विक शहर बनने की दिशा में ‘सिस्टर सिटी’ पहल का मजबूत संदेश
आगरा। वैश्विक स्तर पर शहरों के बीच सांस्कृतिक, शैक्षिक और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में आगरा में आयोजित ‘सिस्टर सिटी’ कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल के तहत अमेरिका से आए प्रतिनिधिमंडल ने ब्रज की संस्कृति, परंपराओं और आतिथ्य से प्रभावित होकर इसे अद्भुत अनुभव बताया। आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह के आतिथ्य की सराहना करते हुए अमेरिकी डेलीगेट्स ने उन्हें और आगरा के प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारियों, चिकित्सकों व शिक्षाविदों को अक्टूबर में आयोजित होने वाले फेस्टिवल में अमेरिका आने का निमंत्रण भी दिया।
तकनीकी और धार्मिक भ्रमण से कराया परिचय
टूर के अंतिम दिन महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह की पहल पर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को तकनीकी और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया, ताकि दोनों देशों के बीच शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का आदान-प्रदान और मजबूत हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले सेंट पीटर्स कॊलेज का दौरा किया। यहां उनका स्वागत फादर मिरांडा, फादर अल्बर्ट पिंटो और जॉन पॉल ने किया। फादर मिरांडा ने बताया कि परिसर में स्थित अकबरी चर्च वर्ष 1599 में बना था, जिसे मुगल बादशाह अकबर ने बनवाया था।
फादर अल्बर्ट पिंटो ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक संवाद से विद्यार्थियों को विदेश में शिक्षा के अवसरों के बारे में बेहतर जानकारी मिलेगी और नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने इस पहल के लिए महापौर का आभार भी व्यक्त किया।
गुरु का ताल गुरुद्वारे में लिया आशीर्वाद

इसके बाद अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंचा, जहां डेलीगेशन के सदस्यों और सिस्टर सिटीज के डायरेक्टर डॊ. रोहित बंसल ने बाबा प्रीतम सिंह से सरोपा ग्रहण कर आशीर्वाद लिया।
बाबा प्रीतम सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को गुरुद्वारे के लंगर हॉल और किचन का भ्रमण कराते हुए बताया कि यहां 24 घंटे लंगर सेवा चलती है और इसमें धर्म, जाति या वर्ग का कोई भेद नहीं किया जाता। उन्होंने कोविड-19 के समय को याद करते हुए कहा कि उस कठिन दौर में भी यहां से लगातार भोजन वितरण होता रहा।
डेलीगेशन के सदस्य एल. ब्रुक फाइल ने इस सेवा भावना की सराहना करते हुए एक संस्मरण साझा किया और भारतीय संस्कृति में निहित सेवा और समर्पण की भावना को प्रेरणादायक बताया।
ब्रज के व्यंजनों और संस्कृति से हुए प्रभावित
महापौर की ओर से अमेरिकी अतिथियों के लिए भारतीय और ब्रज के पारंपरिक व्यंजनों की विशेष व्यवस्था आभूषण व्यापारी आनंद प्रकाश और आशु मित्तल के यहां की गई, जिसे प्रतिनिधिमंडल ने बेहद पसंद किया।
इससे पहले शनिवार की शाम ताज खेमा में ब्रज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन हुआ। यहां मयूर नृत्य, बांसुरी और सितार वादन के साथ पारंपरिक व्यंजनों से सुसज्जित रात्रिभोज का आयोजन किया गया। ब्रज की सांस्कृतिक प्रस्तुति से प्रभावित होकर कई विदेशी मेहमान भी संगीत की धुन पर झूमते और सामूहिक नृत्य करते नजर आए।
अक्टूबर फेस्टिवल के लिए दिया आमंत्रण
कार्यक्रम के समापन पर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया और उन्हें अक्टूबर में होने वाले फेस्टिवल में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। उन्होंने आग्रह किया कि आगरा के प्रशासनिक अधिकारी, व्यापारी, चिकित्सक और शिक्षाविद भी इस कार्यक्रम में शामिल होकर ‘सिस्टर सिटी’ पहल को और मजबूत करें।
इस एक्सचेंज प्रोग्राम के समन्वय के लिए सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल की ओर से संस्था के डायरेक्टर डॊ. रोहित बंसल को नामित किया गया है।