ताज के दीदार को आगरा आ रहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी टीफनी ट्रंप, शाम को ताज में बिताएंगी डेढ़ घंटा
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टीफनी ट्रंप आज निजी दौरे पर आगरा आ रहीं हैं। उनका चार्टर्ड विमान सुबह खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेगा, जबकि शाम 5 बजे वह ताजमहल का भ्रमण करेंगी। उनके साथ अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहेंगे। यात्रा को लेकर एयरपोर्ट से ताजमहल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। छह साल पहले वर्ष 2020 में डोनाल्ड ट्रंप परिवार समेत ताजमहल देखने आए थे।
आगरा। विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल की खूबसूरती एक बार फिर अमेरिकी राजनीति के चर्चित ट्रंप परिवार की मेजबानी करने जा रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की छोटी बेटी टीफनी ट्रंप आज अपनी निजी भारत यात्रा के तहत ताजनगरी आगरा पहुंचेंगी। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार टीफनी ट्रंप का निजी चार्टर्ड विमान आज सुबह करीब 9:45 बजे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर उतरेगा। एयरपोर्ट पर औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद उनका काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीधे होटल के लिए रवाना होगा। वहां कुछ देर विश्राम करने के बाद शाम को उनका ताजमहल भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित है।
शाम को ताजमहल में देखेंगी सूर्यास्त की अद्भुत छटा
कार्यक्रम के मुताबिक टीफनी ट्रंप शनिवार शाम करीब 5 बजे विश्व धरोहर ताजमहल पहुंचेंगी। यहां वह करीब डेढ़ घंटे तक स्मारक परिसर में समय बिताएंगी। बताया जा रहा है कि वह न केवल ताजमहल की संगमरमरी नक्काशी और स्थापत्य कला को करीब से निहारेंगी, बल्कि यमुना किनारे डूबते सूरज के साथ ताज की सुनहरी आभा का भी आनंद लेंगी।
ताजमहल में उनके भ्रमण के दौरान पर्यटकों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। स्मारक परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती की गई है।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी रहेंगे साथ
टीफनी ट्रंप की इस निजी यात्रा में भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। जानकारी के अनुसार प्रतिनिधिमंडल पहले दिल्ली पहुंचेगा और वहां से सीधे आगरा आएगा। टीफनी ट्रंप आज रात आगरा में ही रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद रविवार दोपहर को वे खेरिया हवाई अड्डे से निजी चार्टर्ड विमान द्वारा राजस्थान के जैसलमेर के लिए रवाना होंगी।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, होटल से ताज तक कड़ी निगरानी
हालांकि यह यात्रा निजी बताई जा रही है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति परिवार से जुड़े होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहतीं। एयरपोर्ट, होटल, ताजमहल परिसर और पूरे रूट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय पुलिस, प्रशासन और खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने शुक्रवार देर रात तक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। ताजमहल के आसपास ड्रोन निगरानी, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया गया है।
छह साल बाद फिर ताज निहारेगा ट्रंप परिवार
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनर के साथ भारत दौरे पर आगरा आए थे। उस दौरान ट्रंप परिवार ने ताजमहल का भ्रमण किया था, जिसकी तस्वीरें दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी थीं। अब लगभग छह साल बाद ट्रंप परिवार की दूसरी बेटी टीफनी ट्रंप भी ताजमहल का दीदार करने पहुंच रही हैं। उनके आगमन को लेकर पर्यटन और प्रशासनिक हलकों में खास उत्साह देखा जा रहा है।