आगरा में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ टीकाकरण अभियान, 100 युवतियों को मिला सुरक्षा कवच

आगरा में आयोजित निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण शिविर में करीब 100 छात्राओं को वैक्सीन दी गई। विशेषज्ञों ने एचपीवी संक्रमण से होने वाले इस कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए समय पर टीकाकरण और जांच को जरूरी बताया।

May 5, 2026 - 17:55
 0
आगरा में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ टीकाकरण अभियान, 100 युवतियों को मिला सुरक्षा कवच
पुष्पांजलि हॉस्पिटल में मंगलवार को आयोजित निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण शिविर की एक झलक।

आगरा। महिलाओं में तेजी से बढ़ रही घातक बीमारी सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ जागरूकता और बचाव की दिशा में आगरा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। वैकमेट फाउंडेशन ने बीआर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से दिल्ली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल में निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण शिविर आयोजित किया, जिसमें लगभग सौ छात्राओं को मुफ्त वैक्सीन लगाकर उन्हें इस जानलेवा बीमारी से बचाव का सुरक्षा कवच दिया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वैकमेट फाउंडेशन से प्रियंका अग्रवाल ने कहा कि टीकाकरण ही इस बीमारी के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है, और यदि समय रहते इसे अपनाया जाए तो देश से इस कैंसर को काफी हद तक खत्म किया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से 9 से 26 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए इस वैक्सीन को अत्यंत उपयोगी बताया।

पुष्पांजलि हॉस्पिटल की विशेषज्ञ वक्ता डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण है। इसकी सबसे खतरनाक बात यह है कि शुरुआती चरण में इसके कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते, जिससे यह बीमारी चुपचाप बढ़ती रहती है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और टीकाकरण से इस कैंसर को पूरी तरह नियंत्रित और रोका जा सकता है।

शिविर के आयोजक और महासचिव मनीष राय ने बताया कि इस अभियान के तहत नगर निगम स्कूल और एक पहल पाठशाला की करीब सौ छात्राओं का निःशुल्क टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही जागरूकता सत्र आयोजित कर छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन मनीषा गैलानी ने किया। आयोजन में पुष्पांजलि हॉस्पिटल से पुनीत अग्रवाल का सहयोग रहा। इस अवसर पर एकता वाजपेयी, अविकल मिश्रा, अंकित जैन, मानस राय, अंकित खंडेलवाल, आश्लेष मित्तल, सुरभि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor