वैश्य महासभा का राजनीतिक बिगुल, अक्टूबर में लखनऊ में होगा वैश्य महाकुंभ; विधानसभा टिकटों के लिए सभी दलों पर बनाया जाएगा दबाव
आगरा। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले वैश्य समाज ने अपनी राजनीतिक भागीदारी को लेकर बड़ा संदेश दिया है। भारतीय वैश्य महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं मार्गदर्शक मंडल की बैठक में अक्टूबर में लखनऊ में विशाल वैश्य महाकुंभ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन के माध्यम से सभी राजनीतिक दलों से आगामी विधानसभा चुनाव में वैश्य समाज को अधिक से अधिक टिकट देने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही संगठन विस्तार, नए सदस्य बनाने और संभावित वैश्य विधानसभा प्रत्याशियों के विशेष सम्मेलन की भी रणनीति तय की गई।
होटल एस.एन.जे. ताज ग्रांड, आगरा में शनिवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए उसकी राजनीतिक भागीदारी भी उसी अनुपात में सुनिश्चित होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से अक्टूबर में लखनऊ में विशाल वैश्य महाकुंभ आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि भाग लेंगे और राजनीतिक दलों के समक्ष वैश्य समाज के प्रतिनिधित्व का मुद्दा प्रमुखता से रखा जाएगा।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सभी पदाधिकारियों को आगामी एक माह के भीतर कम से कम 20 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया, ताकि संगठन का विस्तार तेजी से किया जा सके और प्रत्येक जिले में संगठनात्मक गतिविधियां मजबूत हों।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेशभर के लगभग 100 संभावित वैश्य विधानसभा प्रत्याशियों का विशेष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में विभिन्न राजनीतिक दलों से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे वैश्य समाज के संभावित उम्मीदवारों को आमंत्रित किया जाएगा, जिससे समाज की राजनीतिक भूमिका और प्रभाव को संगठित रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. संजीव कुमार वार्ष्णेय 'बंटी बाबू' ने बताया कि भारतीय वैश्य महासभा का संगठन अब तक प्रदेश के 45 जिलों में गठित किया जा चुका है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को गांव-गांव और शहर-शहर तक मजबूत करने का आह्वान किया तथा सदस्यता अभियान को मिशन के रूप में चलाने की अपील की।
बैठक में संगठन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा भी की गई। प्रदीप गुप्ता (अलीगंज) को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, डॉ. डी.एस. गुप्ता (प्रतापगढ़) को राष्ट्रीय सचिव, अवनीश गुप्ता (शमसाबाद) को राष्ट्रीय संगठन मंत्री, वैभव केला (लखनऊ) को युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश प्रभारी, संजीव गोयल (आगरा) को राष्ट्रीय संगठन मंत्री, अभिषेक मोहन जायसवाल को पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी तथा ममता गुप्ता को महिला प्रकोष्ठ का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया।
बैठक के दौरान अशोक कुमार अग्रवाल (फतेहपुर सीकरी), अवनीश गुप्ता (शमसाबाद), प्रदीप गुप्ता (अलीगंज), अभिषेक मोहन जायसवाल (चौरी चौरा) तथा प्रमोद गुप्ता (सिसवा बाजार) ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने की अपनी सहमति और तैयारी भी सार्वजनिक रूप से व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में संजीव गोयल ने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।
बैठक में प्रमुख रूप से संजीव गोयल, राकेश कुमार चिकोरी (एटा), गीता वार्ष्णेय, अमृत खंडेलवाल, ऋषि गुप्ता, सत्यप्रवीण गुप्ता, नीरज गुप्ता, राकेश गुप्ता, कल्पना अग्रवाल, संध्या अग्रवाल, कृष्ण कुमार खंडेलवाल, पंकज गुप्ता, राजेंद्र खंडेलवाल (बॉम्बे), राजेश गुप्ता सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।