आगरा में वार्ष्णेय समाज का बड़ा फैसला, 8.5 करोड़ से बनेगा श्री अक्रूरजी चेरिटेबल भवन, 19 अप्रैल को होगा शिलान्यास
अखिल भारतीय वार्ष्णेय वेलफेयर एसोसिएशन की आगरा में महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें मथुरा-वृंदावन मार्ग पर 550 वर्ग गज में श्री अक्रूरजी चेरिटेबल भवन बनाने को लेकर चर्चा हुई। 19 अप्रैल को होगा नींव पूजन और शिलान्यास होगा। इसके निर्माण में 8.5 करोड़ रुपये लागत आएगी। भवन में 44 एसी कमरे, हॉल, रेस्टोरेंट, किचन जैसी सुविधाएं होंगी। तीन माह में संगठन के चुनाव कराने का निर्णय लिया जाएगा।
मथुरा-वृंदावन मार्ग पर 550 वर्ग गज में बनेगा भव्य भवन, 44 एसी कमरे, विशाल हॉल और अक्रूरजी भगवान की प्रतिमा होगी स्थापित
आगरा। अखिल भारतीय वार्ष्णेय वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से श्री अक्रूरजी चेरिटेबल भवन के निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रबंध कार्य समिति की बैठक का आयोजन करकुंज चौराहा स्थित होटल वैष्णवी में किया गया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने आगामी योजनाओं, भवन निर्माण, संगठनात्मक विस्तार और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई अहम निर्णय लिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि अखिल भारतीय वार्ष्णेय वेलफेयर एसोसिएशन के अंतर्गत संचालित श्री अक्रूरजी चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा वात्सल्य ग्राम के सामने, मथुरा-वृंदावन मार्ग पर 550 वर्ग गज भूमि पर एक भव्य अक्रूरजी भवन का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भवन की रजिस्ट्री पहले ही हो चुकी है, जबकि भवन का मानचित्र मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है। अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना का नींव पूजन और शिलान्यास 19 अप्रैल को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत संपन्न कराया जाएगा।
दो साल में पूरा होगा निर्माण
बैठक में जानकारी दी गई कि श्री अक्रूरजी चेरिटेबल भवन का निर्माण लगभग 8.5 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा और इसे दो वर्षों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। भवन में 44 एसी कमरे, विशाल हॉल, रेस्टोरेंट, आधुनिक किचन सहित मांगलिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए समुचित व्यवस्थाएं होंगी। इस स्थल पर अक्रूरजी भगवान की विशाल प्रतिमा लगेगी।
वार्ष्णेय समाज को मिलेगा बड़ा सामाजिक केंद्र
राष्ट्रीय महामंत्री नेमी चन्द वार्ष्णेय ने कहा कि इस भवन के निर्माण से सम्पूर्ण भारत के वार्ष्णेय समाज को एक बड़ा और सुसज्जित सामाजिक केंद्र मिलेगा। यहां समाज के लोग अपने मांगलिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों को आसानी और गरिमा के साथ संपन्न कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि वार्ष्णेय समाज की एकता, आस्था और सामाजिक सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा।
आगरा की जिलाध्यक्ष बनीं रश्मि वार्ष्णेय
बैठक में संगठनात्मक विस्तार को लेकर भी बड़ा निर्णय लिया गया। कोषाध्यक्ष मनोज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि सर्वसम्मति से आगरा की जिलाध्यक्ष के रूप में रश्मि वार्ष्णेय को मनोनीत किया गया। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे एक माह के भीतर अपनी जिला कार्यकारिणी का गठन करें, ताकि आगरा इकाई को अधिक सक्रिय और संगठित रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
तीन माह में पूरे होंगे पांच वर्षीय चुनाव
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन के पांच वर्षीय चुनाव आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण कराए जाएंगे। इसके लिए चुनाव अधिकारी की नियुक्ति और चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महामंत्री नेमी चन्द वार्ष्णेय को सौंपी गई है। इस निर्णय को संगठन में पारदर्शिता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नए नेतृत्व को अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक में संगठन से जुड़े अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से देवेंद्र कुमार गुप्ता (राष्ट्रीय अध्यक्ष), नेमी चन्द वार्ष्णेय (राष्ट्रीय महामंत्री, मनोज कुमार वार्ष्णेय (कोषाध्यक्ष), रश्मि वार्ष्णेय (नवनियुक्त जिलाध्यक्ष, आगरा), प्रेम चन्द वार्ष्णेय, मुनेश कुमार गुप्ता, डॉ. अशोक वार्ष्णेय, मनोज बजरंगी, गौरव वार्ष्णेय, भुवनेश वार्ष्णेय, पीपी अत्रि, कुंज बिहारी गुप्ता, दर्शन अत्रि, सुनील कुमार वार्ष्णेय, तपेंद्र कुमार गुप्ता, गिरीश गुप्ता, महेश वार्ष्णेय, अनीता गुप्ता, अमर प्रकाश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।