भक्ति का विराट सागर: 3100 कलशों संग निकली भव्य यात्रा, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा आसमान, पीएस गार्डन में कल से श्रीराम कथा

आगरा। रोहता क्षेत्र शनिवार को भक्ति के अद्भुत और विराट उत्सव का साक्षी बना। जहां देखो वहां श्रद्धालुओं के सिर पर मंगल कलश, हाथों में आस्था और मुख पर जय श्रीराम व वीर बजरंगी के गगनभेदी जयकारे। ढोल-नगाड़ों और बैंड बाजों की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं के कदम मानो भक्ति की पावन गंगा बहा रहे हों। राह चलते लोग भी इस अलौकिक दृश्य को देखकर स्वतः ही हाथ जोड़कर प्रणाम करते नजर आए। श्रीकामतानाथ सेवा समिति द्वारा 15 से 21 मार्च तक रोहता स्थित पीएस गार्डन में आयोजित होने जा रही सात दिवसीय श्रीराम कथा से पूर्व शनिवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया।

Mar 14, 2026 - 18:37
 0
भक्ति का विराट सागर: 3100 कलशों संग निकली भव्य यात्रा, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा आसमान, पीएस गार्डन में कल से श्रीराम कथा
रोहता क्षेत्र में श्रीराम कथा के लिए शनिवार को निकाली गई विशाल कलश यात्रा का एक विहंगम दृश्य।

31 सौ कलशों के साथ निकली भव्य यात्रा

कलश यात्रा का शुभारंभ सेवला स्थित अग्रधाम सेवा सदन से विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। यात्रा में लगभग 3100 से अधिक महिलाओं और श्रद्धालुओं ने अपने सिर पर श्रीफल, पुष्प और अशोक पत्रों से सुसज्जित पीताम्बर कलश धारण किए।

कलश यात्रा में आगे-आगे बैंड बाजे और ढोल-नगाड़े गूंज रहे थे, जबकि पीछे श्रद्धालु जय श्रीराम और सियाराम के जयकारों के साथ भक्ति में लीन होकर चल रहे थे। इस दौरान बग्गी में विराजमान चित्रकूट के संत मदनगोपाल दास जी महाराज श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे।

कलश यात्रा पूरे मार्ग में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम बन गई। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

कथा स्थल पर वैदिक मंत्रों के साथ कलश स्थापना

भव्य यात्रा अंततः पीएस गार्डन, रोहता स्थित कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सभी कलशों की विधिवत स्थापना की गई।

आयोजन समिति के अध्यक्ष राम सेवक शर्मा (जय भोले) और महामंत्री डॉ. धर्मेन्द्र कुमार त्यागी ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सभी से सात दिवसीय श्रीराम कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और रामकथा का श्रवण कर जीवन को धन्य बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य यजमान सिलेंद्र विथरिया, हाकिम सिंह त्यागी, दीनदयाल मित्तल, ऋषि उपाध्याय, रामवीर सिंह चाहर, अशोक फौजदार, महावीर त्यागी, किशोर लवानिया, रनवीर सोलंकी, सौरभ शर्मा, सतेंद्र परासर, जितेंद्र प्रधान, राजेंद्र बरुआ, भगवान दास, राकेश मंगल, रविन्द्र सिंह, मुरारी लाल त्यागी, सोम मित्तल, किशन यादव, कल्याण सिंह, ऋषि विथरिया सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आयोजन समिति के अनुसार 15 से 21 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक पीएस गार्डन में सात दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन होगा।

कथा में चित्रकूट के श्रीकामदगिरि पीठाधीश्वर स्वामी श्री रामस्वरूपाचार्य जी महाराज संगीतमय दोहों और चौपाइयों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म और मर्यादा की महिमा का वर्णन करेंगे।

कथा पंडाल को भव्य रूप से सजाया गया है और प्रतिदिन 4 से 5 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से कथा में धोती-कुर्ता पहनकर, मस्तक पर तिलक लगाकर तथा क्रोध और निंदा से दूर रहकर कथा श्रवण करने का अनुरोध किया है।

समिति का कहना है कि यदि जीवन भर इन नियमों का पालन संभव न हो तो कम से कम कथा के दौरान इन मर्यादाओं का पालन कर रामभक्ति का सच्चा अनुभव किया जाए।

SP_Singh AURGURU Editor