आगरा में वाहन-मोबाइल चोर गैंग का भंडाफोड़, हरीपर्वत पुलिस ने दो शातिर दबोचे

आगरा के थाना हरीपर्वत पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोरी करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक्टिवा, बुलेट, अपाचे बाइक, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी के वाहन बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में छिपाते थे और ऑटो में बैठकर मोबाइल चोरी की वारदातों को भी अंजाम देते थे।

May 16, 2026 - 14:15
 0
आगरा में वाहन-मोबाइल चोर गैंग का भंडाफोड़, हरीपर्वत पुलिस ने दो शातिर दबोचे
पुलिस की गिरफ्त में शातिर चोर।

आगरा। आगरा पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोरी करने वाले शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना हरीपर्वत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को आईएसबीटी क्षेत्र से दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की कई बाइकें, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व एसीपी हरीपर्वत अमीषा सिंह और इंस्पेक्टर नीरज शर्मा ने किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातें कबूल की हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 01 एक्टिवा स्कूटी, 02 बुलेट मोटरसाइकिल, 01 अपाचे बाइक तथा घटना में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा 02 चोरी के मोबाइल फोन और 300 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के वाहनों को बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में छिपाकर रखते थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वहां से वाहन बरामद किए।

पुलिस के अनुसार कैलाशपुरी और ओल्ड मथुरा रोड क्षेत्र में हुई कई वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा भी इन गिरफ्तारियों से हुआ है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने ऑटो में बैठकर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की वारदातों को भी अंजाम दिया था। पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

थाना हरीपर्वत पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।