आगरा में वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, बाइक काटकर बेचते थे पार्ट्स, 5 गिरफ्तार

आगरा के थाना एमएम गेट क्षेत्र में पुलिस, सर्विलांस और एसओजी टीम ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरोह बाइक चोरी कर उन्हें काटकर पार्ट्स बेचता था। पुलिस ने चोरी की बाइक, सात इंजन, 11 रिम, हैंडल, साइलेंसर, मास्टर चाबी और नकदी बरामद की है।

May 20, 2026 - 15:28
 0
आगरा में वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, बाइक काटकर बेचते थे पार्ट्स, 5 गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में शातिर चोर।

आगरा। आगरा में थाना एमएम गेट पुलिस, सर्विलांस टीम और एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच आरोपियों  को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल, बड़ी मात्रा में बाइक के पार्ट्स और नकदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी करता था और बाद में उन्हें काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देता था। गिरोह लंबे समय से सक्रिय बताया जा रहा है।

थाना एमएम गेट क्षेत्र में 13 अप्रैल और 5 मई को मोटरसाइकिल चोरी के दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने सर्विलांस और एसओजी टीम के साथ मिलकर जांच शुरू की। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने टेड़ी बगिया अस्पताल के पास घेराबंदी कर शकीलुद्दीन और दौलत को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, 34,500 रुपये नकद और बाइक चोरी में इस्तेमाल होने वाली मास्टर चाबी बरामद हुई।

पूछताछ में सामने आया चोरी का पूरा खेल

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों  ने खुलासा किया कि वे शहर और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइक को सुरक्षित ठिकाने पर ले जाकर उसके पार्ट्स अलग कर दिए जाते थे, ताकि वाहन की पहचान न हो सके। इसके बाद इंजन, रिम, हैंडल, साइलेंसर समेत अन्य पार्ट्स अलग-अलग ग्राहकों को बेच दिए जाते थे। आरोपियों  ने बताया कि पूरी बाइक करीब आठ हजार रुपये में ठिकाने लगा दी जाती थी।

चोरी के पार्ट्स खरीदने वाले भी गिरफ्तार

मुख्य आरोपियों  की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के वाहन खरीदने वाले परविंदर उर्फ प्रकाश, पवन राठौर और बबलू को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 38,900 रुपये नकद, सात इंजन, सात हैंडल, 11 रिम, सात साइलेंसर और कई अन्य पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी बाइक चोरी कीं और किन-किन जिलों में इनके पार्ट्स बेचे गए।

पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के सामान खरीदने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। बरामद इंजन और पार्ट्स के नंबरों के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।