बटेश्वर में गूंजा राष्ट्रवाद का स्वर, भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को मिला विचार और संगठन का मंत्र

बटेश्वर में आयोजित भाजपा के दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन नेताओं ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रवाद, संगठन और विचारधारा का मंत्र दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने “विचार परिवार” विषय पर मार्गदर्शन किया, जबकि सांसद राजकुमार चाहर ने देश के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा की। जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने संगठन और कार्यकर्ताओं के समर्पण पर भावुक संबोधन दिया। पूरे प्रशिक्षण परिसर में राष्ट्रभक्ति के जयघोष गूंजते रहे।

May 18, 2026 - 21:33
 0
बटेश्वर में गूंजा राष्ट्रवाद का स्वर, भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को मिला विचार और संगठन का मंत्र
भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते सांसद राजकुमार चाहर।

आगरा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा बटेश्वर की पावन धरती पर आयोजित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस में राष्ट्रवाद, संगठन, सेवा और विचारधारा को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया गया। प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा की विचारधारा, राष्ट्र निर्माण, संगठन की भूमिका और देश के सामने मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने “विचार परिवार” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित एक विशाल विचार परिवार है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उससे प्रेरित संगठनों ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का  आह्वान किया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक विस्तार नहीं, बल्कि राष्ट्र को आत्मनिर्भर, सशक्त और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाना है।

हर वर्ग तक पहुंचे भाजपा की विचारधारा

दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। प्रशिक्षण वर्ग में मौजूद कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा को समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

देश के सामने चुनौतियों से मिलकर लड़ना होगा: राजकुमार चाहर

प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम सत्र में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर ने “देश के समक्ष चुनौतियां” विषय पर संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर तेजी से उभरती हुई शक्ति है, लेकिन देश के सामने सीमा सुरक्षा, सामाजिक समरसता, कृषि विकास, युवा रोजगार, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां मौजूद हैं। इन सभी विषयों पर समाज और संगठन को मिलकर कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और देश हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और राष्ट्रहित के कार्यों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय संबोधन में भावुक हुए जिला अध्यक्ष

द्वितीय दिवस के अध्यक्षीय सत्र में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने बटेश्वर की पावन धरती का उल्लेख करते हुए संगठन की यात्रा और कार्यकर्ताओं के समर्पण पर भावुक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि बटेश्वर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और परंपराओं की चेतना का केंद्र है। इस भूमि पर प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन संगठन के लिए गर्व का विषय है।

प्रशांत पौनिया ने कहा कि भाजपा आज कार्यकर्ताओं की मेहनत, त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना के कारण विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक अभियान है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण के कारण पार्टी आज गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हित में निरंतर कार्य कर रही है।

भारत माता के जयघोष से गूंजा प्रशिक्षण परिसर

नेताओं के उदबोधन के  दौरान कार्यकर्ता भावुक नजर आए और पूरे प्रशिक्षण परिसर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष गूंजते रहे। प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला प्रभारी अमित वाल्मीकि,जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदोरिया,प्रदीप भाटी,पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर,विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र प्रताप सिंह व रजनीकांत महेश्वरी,श्याम भदौरिया,क्षेत्रीय मंत्री राहुल चौधरी,रजनीश त्यागी,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हेमेंद्र शर्मा,सुंदर पाराशर,योगेंद्र त्यागी,ओमप्रकाश चलनी वाले,मानवेंद्र राठौर,वीरपाल मानु चौधरी,बबीता चौहान,आशा देवी चक,राजकुमार कुशवाहा,गौरव ठाकुर,गौरव सोलंकी,मुकेश चाहर,धर्मेंद्र उपाध्याय,नीरज परमार,विरेंद्र भोले,हीरा सिंह,सतीश त्यागी,संतोष गहलोत,दिलीप भंडारी,देवेंद्र रावत,महेश कठेरिया,राहुल पाराशर और मनीष थापक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।