आगरा में कल गूंजेगा ‘सीता तत्व’ का स्वर: रामायण शक्ति उत्सव में नारी शक्ति, संस्कृति और परंपरा का भव्य संगम

आगरा। नारी शक्ति वंदन और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से कल (सोमवार को) शहर में एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान अयोध्या, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश और प्रताप पब्लिक स्कूल, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में सीता तत्व परिसंवाद एवं रामायण शक्ति तत्व उत्सव का आयोजन डीईआई गेट नंबर-7 के सामने अनुपम बाग स्थित धरा चेतना फाउंडेशन-2 के भव्य सांस्कृतिक सभागार में किया जाएगा।

Apr 19, 2026 - 19:30
 0
आगरा में कल गूंजेगा ‘सीता तत्व’ का स्वर: रामायण शक्ति उत्सव में नारी शक्ति, संस्कृति और परंपरा का भव्य संगम
आगरा में कल होने जा रहे सीता तत्व परिसंवाद एवं रामायण शक्ति तत्व उत्सव के पोस्टर का विमोचन करतीं कार्यक्रम संयोजक दीपाली सिंह और अन्य।

कार्यक्रम संयोजक दीपाली सिंह ने बताया कि इस आयोजन के तहत ‘रामायण नारी शक्ति संभाषण प्रतियोगिता’, ‘रामायण शक्ति तत्व उत्सव’ और ‘रामायण नारी शक्ति परिसंवाद’ जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह द्वारा इस सांस्कृतिक अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के तहत यह आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि वरिष्ठ आईएएस अमृत अभिजात (अपर मुख्य सचिव, संस्कृति एवं पर्यटन, उत्तर प्रदेश) के मार्गदर्शन में चल रही कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आगरा में यह विशेष आयोजन हो रहा है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आईएएस जैनेंद्र कुमार और संजय कुमार सिंह (विशेष सचिव, संस्कृति एवं अध्यक्ष, आईआरवीवीआई) के शामिल होने की संभावना है, जबकि शारदा यूनिवर्सिटी, आगरा के कुलपति प्रो. परमानंद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

सीता तत्व परिसंवाद में शेखर दीक्षित, डॉ. नवीन गुप्ता, श्रुति सिन्हा, राशि गर्ग पैनलिस्ट के रूप में अपने विचार रखेंगे। वहीं रामायण शक्ति तत्व उत्सव में गंधर्व कलाकारों द्वारा संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो कार्यक्रम को सांस्कृतिक ऊंचाई प्रदान करेंगी।

प्रताप पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य यतेंद्र सोलंकी ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी रामायण के स्त्री पात्रों पर आधारित भाषण प्रतियोगिता में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोड़ना है।

कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर आयोजित पोस्टर विमोचन में अक्षय प्रताप सिंह, गति सिंह और मीडिया समन्वयक डॉ. महेश धाकड़ भी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor