पश्चिम बंगाल-तमिलनाडु में वोटिंग शुरू,   बीजेपी बोली- ममता की विदाई पक्की,   कांग्रेस नेता ने कहा- हमें उम्मीद दिख रही 

पश्चिम बंगाल में 16 जिलों की 152 सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान जारी है। वहीं तमिलनाडु की 234 सीटों पर मतदान जारी है।

Apr 23, 2026 - 08:15
Apr 23, 2026 - 08:20
 0
पश्चिम बंगाल-तमिलनाडु में वोटिंग शुरू,   बीजेपी बोली- ममता की विदाई पक्की,   कांग्रेस नेता ने कहा- हमें उम्मीद दिख रही 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 152 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। वहीं तमिलनाडु की 234 सीटों पर भी मतदान जारी है। इस चरण में करीब 3.6 करोड़ मतदाता लगभग 44,000 मतदान केंद्रों पर वोटिंग करेंगे। 

तमिलनाडु में विदेश से आने वाले लोगों की संख्या में तेजी देखी जा रही है। बड़ी संख्या में विदेश में रहने वाले तमिल लोग अपना वोट डालने के लिए वापस लौट रहे हैं। चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनों में यात्रियों की आवाजाही में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खाड़ी देशों, दक्षिण-पूर्व एशिया, यूरोप और अमेरिका जैसे इलाकों से बड़ी संख्या में एनआरआई और विदेश में रहने वाले लोग यहां पहुंच रहे हैं।. विदेशों में मौजूद तमिल संगठनों ने पाया है कि विदेश में रहने वाले लोगों में चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेने को लेकर काफी उत्साह है।

पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव सिर्फ दो चरणों में कराए जा रहे हैं, जबकि 2021 में आठ और 2016 में छह चरणों में मतदान हुआ था। हालांकि चरणों की संख्या कम हुई है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं और चुनाव आयोग ने सख्त नियमों के पालन के लिए कई नए कदम उठाए हैं। पहले चरण में कम से कम 80 सीटों पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

कुछ सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला भी देखने को मिल सकता है, क्योंकि लेफ्ट फ्रंट और कांग्रेस अलग-अलग मैदान में हैं और कुछ धार्मिक संगठनों की भी एंट्री हुई है। गुरुवार को जिन जिलों में मतदान होगा, उनमें दार्जिलिंग, कालीम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान, पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पश्चिम और पूर्व मिदनापुर शामिल हैं। इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

झाड़ग्राम के जितुसोल प्राइमरी स्कूल के पास स्थित मतदान केंद्र के इलाके में एक हाथी घुस आया, जिससे मतदान की प्रक्रिया में बाधा पड़ी है।

चुनाव आयोग ने मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, कूच बिहार, बीरभूम और पूर्वी बर्धमान जिलों को विशेष निगरानी में रखा है। हिंसा पर अंकुश लगाने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए 2,193 से अधिक त्वरित प्रतिक्रिया दल, निगरानी इकाइयां और हवाई दस्ते तैनात किए गए हैं।