आगरा में यमुना किनारा मार्ग पर पैदल चलना जानलेवा, हाथी घाट से वाटर वर्क्स तक फुटपाथ बनाने की उठी मांग

आगरा। यमुना किनारा मार्ग पर पैदल चलने वालों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है। हाथी घाट से वाटर वर्क्स चौराहे तक सुरक्षित फुटपाथ के अभाव को गंभीर जनसुरक्षा का मुद्दा बताते हुए आगरा नगर निगम से दोनों ओर चौड़ा, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त फुटपाथ बनाने की मांग की गई है। इस संबंध में नगर आयुक्त को पत्र भेजकर कहा गया है कि प्रतिदिन हजारों नागरिक, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, बच्चे, पर्यटक और मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक करने वाले लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन फुटपाथ नहीं होने से उन्हें तेज रफ्तार वाहनों के बीच जान जोखिम में डालकर चलना पड़ता है।

Jul 8, 2026 - 20:44
 0
आगरा में यमुना किनारा मार्ग पर पैदल चलना जानलेवा, हाथी घाट से वाटर वर्क्स तक फुटपाथ बनाने की उठी मांग

रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार बृज खंडेलवाल ने नगर आयुक्त को भेजे गए पत्र में कहा है कि हाथी घाट से वाटर वर्क्स चौराहे तक यमुना किनारा मार्ग पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित फुटपाथ का पूरी तरह अभाव है। इसके कारण सड़क पर पैदल चलना बेहद खतरनाक हो गया है और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि सुरक्षित फुटपाथ कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने भी सभी शहरी स्थानीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त फुटपाथ उपलब्ध कराए जाएं, ताकि पैदल चलने वालों के जीवन और गरिमा की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

पत्र में कहा गया है कि यमुना किनारा मार्ग आगरा की पहचान वाले प्रमुख मार्गों में शामिल है। यह मार्ग न केवल स्थानीय नागरिकों, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। रिवर कनेक्ट कैंपेन पिछले कई वर्षों से यमुना संरक्षण और नदी तट के विकास के लिए कार्य कर रहा है। यदि इस मार्ग पर हरित, सुंदर और सुरक्षित पैदल पथ विकसित किया जाता है तो इससे सड़क सुरक्षा मजबूत होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और शहर की छवि भी बेहतर होगी।

पत्र के माध्यम से नगर निगम से मांग की गई है कि हाथी घाट से वाटर वर्क्स चौराहे तक सड़क के दोनों ओर चौड़ा, सुरक्षित, स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त फुटपाथ शीघ्र बनाया जाए। साथ ही इसे जनहित, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से प्राथमिकता देते हुए जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

श्री खंडेलवाल ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम इस जनहित के महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर यमुना किनारा मार्ग को पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor