इंदिरा गांधी पर अश्लील टिप्पणी के मामले में मुकदमा दर्ज होने के एक साल बाद भी कार्रवाई न होने पर थाना घेरने की चेतावनी

आगरा। देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अश्लील और अमर्यादित टिप्पणी के मामले में दर्ज एफआईआर पर एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने पुलिस आयुक्त शिकायत प्रार्थना पत्र भेजा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद न तो आरोपी की गिरफ्तारी हुई है और न ही मामले की प्रभावी विवेचना की गई है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ थाना न्यू आगरा का घेराव किया जाएगा।

Jun 11, 2026 - 19:06
 0
इंदिरा गांधी पर अश्लील टिप्पणी के मामले में मुकदमा दर्ज होने के एक साल बाद भी कार्रवाई न होने पर थाना घेरने की चेतावनी

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दर्ज कराया था मामला

रमाशंकर शर्मा के अनुसार 11 मई 2025 को सोशल मीडिया पर जितेंद्र तोमर उर्फ जीतू ठाकुर नामक व्यक्ति द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के विरुद्ध अत्यंत अश्लील और अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। इस संबंध में उन्होंने 13 मई 2025 को थाना न्यू आगरा में शिकायत प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।

एफआईआर दर्ज न होने पर कोर्ट की ली शरण

शिकायत पर पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने के बाद रमाशंकर शर्मा ने सीजेएम कोर्ट, आगरा में धारा 173(4) के तहत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद 26 मई 2025 को थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज किया गया था। कोर्ट ने अपने आदेश में एफआईआर दर्ज कर विधिक प्रक्रिया के तहत विवेचना करने के निर्देश भी दिए थे।

एक साल बाद भी जांच आगे नहीं बढ़ी

शिकायत पत्र में अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि एफआईआर दर्ज हुए एक वर्ष का समय बीत चुका है, लेकिन मामले में पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि अब तक न तो आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, न ही वादी के बयान दर्ज किए गए हैं और न ही किसी प्रकार का साक्ष्य संकलन किया गया है।

रमाशंकर शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी केवल देश की पूर्व प्रधानमंत्री ही नहीं थीं, बल्कि देश के लिए शहादत देने वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रभावशाली नेता थीं। ऐसे मामले में पुलिस की निष्क्रियता गंभीर चिंता का विषय है।

पुलिस आयुक्त से हस्तक्षेप की मांग

वरिष्ठ अधिवक्ता ने पुलिस आयुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश के बावजूद यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो यह न्यायिक प्रक्रिया की अवहेलना के समान है।

प्रार्थना पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी और विवेचना में प्रगति नहीं हुई तो वह अधिवक्ताओं एवं कांग्रेस जनों के साथ थाना न्यू आगरा का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor