आगरा में सीओडी मैदान में चौकीदार की हत्या, सिर कुचलकर मारे जाने की आशंका

आगरा के सदर क्षेत्र स्थित सीओडी मैदान में चौकीदार मोहन सिंह का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है।

Apr 24, 2026 - 19:22
 0
आगरा में सीओडी मैदान में चौकीदार की हत्या, सिर कुचलकर मारे जाने की आशंका
मौके पर मौजूद नगला भवानी के लोग।

आगरा। आगरा के थाना सदर क्षेत्र में स्थित सीओडी मैदान से एक चौकीदार का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि मैदान में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव खून से लथपथ था और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। प्रथम दृष्टया मामला पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों को एकत्र किया गया और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच की जा रही है।

शुक्रवार सुबह नगला भवानी क्षेत्र के कुछ लोग थाने पहुंचे और एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि मोहन सिंह (50), जो पेशे से चौकीदार थे, गुरुवार शाम करीब 4 बजे घर से निकले थे। आमतौर पर वह रात 11 बजे तक घर लौट आते थे, लेकिन उस दिन देर रात तक वापस नहीं आए। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम हाउस भेजा, जहां उन्होंने शव की पहचान मोहन सिंह के रूप में की। मृतक के बेटे हर्ष ने साफ तौर पर आरोप लगाया है कि उसके पिता की हत्या की गई है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, शव के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं और हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। 

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।