ध्वज यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, गूंजे जयकारे: आगरा में मां पीतांबरा महोत्सव का शुभारंभ
आगरा। भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब सीताराम मंदिर, वजीरपुरा से मां पीतांबरा देवी प्राकट्य दिवस एवं पंचम वार्षिक उत्सव का शुभारंभ भव्य ध्वज यात्रा के साथ हुआ। बैंड बाजों की गूंज, जयकारों की गर्जना और पुष्प वर्षा के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय रंग में रंग दिया। तीन दिवसीय इस महोत्सव में 23 और 24 अप्रैल को विविध धार्मिक अनुष्ठान, भजन, हवन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
बैंड बाजों के साथ सजी दिव्य झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई ध्वज यात्रा नेहरू नगर और गांधी नगर होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। यात्रा में मां पीतांबरा देवी की सजीव और आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनी रही। मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का शुभारंभ मंदिर के महंत अनंत उपाध्याय ने मां की आरती उतार कर किया।
अष्टमी तिथि पर होता है मां पीतांबरा का प्राकट्य
महंत अनंत उपाध्याय ने बताया कि वैशाख शुक्ल पक्ष अष्टमी को मां पीतांबरा देवी का प्राकट्य हुआ था, इसी उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष यह उत्सव श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष पंचम वार्षिक उत्सव को तीन दिवसीय रूप में आयोजित किया जा रहा है।
23 अप्रैल: मेहंदी और माता की चौकी
श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि 23 अप्रैल को शाम 6:30 बजे मंदिर परिसर में मेहंदी कार्यक्रम और माता की चौकी आयोजित की जाएगी, जिसमें भजनों के माध्यम से मां की आराधना होगी।
24 अप्रैल: अभिषेक, महायज्ञ और भव्य आरती
24 अप्रैल को प्रातः 8 बजे मां का अभिषेक, श्रृंगार दर्शन और फूल बंगला सजाया जाएगा। दोपहर 12 बजे नवकुंडीय महायज्ञ होगा, जिसमें 11,000 आहुतियां दी जाएंगी और एक समय में 100 से अधिक श्रद्धालु इसमें भाग लेंगे।
विशेष आकर्षण के रूप में सुबह 9 बजे और रात्रि 8 बजे बैंड बाजों के साथ भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी।
कन्या पूजन और विशाल भंडारा
24 अप्रैल को सायं 5 बजे कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
पंडित मुकेश शर्मा ने बताया कि मंदिर में पिछले एक दशक से प्रत्येक शनिवार को मां पीतांबरा का विशेष हवन किया जाता रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष पहली बार नवकुंडीय महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु और गणमान्य
कार्यक्रम में हरि चैतन्य जी महाराज, महंत गोपी गुरु (हनुमंत धाम), गिर्राज बंसल, अनिल वार्ष्णेय, नितिन अग्रवाल, मनोज कुमार गुप्ता, मयंक मित्तल, विजय कुमार गर्ग, अरविंद गर्ग, संदीप अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, डॉ. संजीव नेहरू, संजय चौहान, लक्ष्मण शर्मा, सचिन सरस्वत, मनोज तिवारी, विक्रम सिंह, अरुण उपाध्याय, राजकुमार, कृष्णा मिठास, विनोद अग्रवाल, सुरेंद्र शर्मा, आर.पी. तिवारी, राजपाल मिश्रा, सुनील पछौरी (उत्तराखंड), अमरनाथ शर्मा, हेमंत दुबे, आयुष उपाध्याय, हनी, मोहित, पंकज शर्मा, पुष्कल गुप्ता, रणदीप ग्रोवर, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, सरिता सिंह, सुषमा अग्रवाल, लता उपाध्याय, वंदना उपाध्याय, नीटू शर्मा, प्रियंका मिठास, शिवालिका अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।