पुरुषोत्तम मास में आगरा में भक्ति का सैलाब, श्री मथुराधीश मंदिर में राम नवमी महोत्सव, मंगलम एस्टेट और जयपुर हाउस में निकलीं कलश यात्राएं

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आगरा शहर रविवार को भक्ति, आस्था और धार्मिक उत्साह के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। एक ओर प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में श्रीराम नवमी का भव्य आयोजन हुआ, तो दूसरी ओर विभिन्न स्थानों से निकली श्रीमद् भागवत कथा की कलश यात्राओं ने पूरे शहर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

May 24, 2026 - 20:19
 0
पुरुषोत्तम मास में आगरा में भक्ति का सैलाब, श्री मथुराधीश मंदिर में राम नवमी महोत्सव, मंगलम एस्टेट और जयपुर हाउस में निकलीं कलश यात्राएं
श्री मथुराधीश जी महाराज मंदिर में राम नवमी महोत्सव में मौजूद श्रद्धालु महिलाएं।

श्रीठाकुर मथुराधीश मंदिर में राम नवमी महोत्सव, गूंजे ‘प्रकट भए चारों भईया’ के जयकारे

यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में राम नवमी का भव्य आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। मंदिर परिसर में ऐसा वातावरण बना मानो स्वयं अयोध्या धाम साकार हो उठा हो।

श्रीराम के साथ चारों भाइयों के प्राकट्योत्सव पर पूरे मंदिर में भक्ति रस की धारा बहती रही। ढोलक, मंजीरे और बधाई गीतों की मधुर धुनों पर भक्तजन झूमते नजर आए। “प्रकट भए चारों भईया, अवधपुर बाजे बधईया…” जैसे भक्ति गीतों ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया।

सुबह श्रीराम जी का पंचामृत अभिषेक किया गया तथा ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर में पुष्प सजावट और रोशनी से भव्यता देखते ही बन रही थी। महन्त नन्द श्रोत्रिय एवं जुगल श्रोत्रिय द्वारा आरती सम्पन्न की गई।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार 25 मई को दशहरा उत्सव का भी भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बालेश सिंघल, राकेश सिंघल, प्रशांत भारद्वाज, पतस्या, मनोज भारद्वाज, बृज खंडेलवाल, राजीव पचौरी, डोली पचौरी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मंगलम एस्टेट में भक्ति से सजी कलश यात्रा, कथा से पूर्व उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब

दयालबाग स्थित मंगलम एस्टेट कॉलोनी में श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कथा व्यास ममता किशोरी द्वारा विधिवत पूजन के बाद यात्रा का शुभारंभ किया गया।

पीत वस्त्र धारण किए महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर मंगलम एस्टेट से यात्रा प्रारंभ की, जो कल्याणी हाइट्स, बांके बिहारी धाम, अपर्णा रेवेन्यू और पुष्पांजलि हाइट्स होते हुए पुनः कथा स्थल पहुंची। बैंड-बाजों और भक्ति गीतों के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

कथा व्यास ममता किशोरी ने कहा कि कलश भारतीय संस्कृति में पवित्रता और दिव्यता का प्रतीक है, जो वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है। यात्रा में कंचन ढींगरा, सीमा, रीना, शिखा, पूजा, आरती छाबड़ा, संगीता गोयल सहित अनेक महिलाओं ने भाग लिया।

अग्रसेन भवन में कलश यात्रा के साथ भागवत कथा का शुभारंभ, भक्ति में डूबा लोहा मंडी क्षेत्र

माधवी अग्र महिला मंडल द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व जयपुर हाउस स्थित श्रीराम मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो अग्रसेन भवन, लोहा मंडी तक पहुंची।

यात्रा का शुभारंभ डॉ. सुधा बंसल, बीडी अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, ओमप्रकाश गोयल, शकुन बंसल, राकेश गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोगों ने किया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

पीले परिधानों में सुसज्जित महिलाओं ने भक्ति भाव के साथ कलश धारण कर पदयात्रा निकाली। कथा व्यास नीरज नयन महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कथा मानव जीवन को धर्म और सदाचार की ओर प्रेरित करती है।

कार्यक्रम में पुष्पा अग्रवाल, ऊषा बंसल, रजनी, श्वेता गोयल, रीना गोयल, रेनू अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor