शालीमार एन्क्लेव जैन मंदिर में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के तीसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब

आगरा। कमला नगर स्थित शालीमार एन्क्लेव श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ निरंतर संपन्न हो रहा है। 23 फरवरी से 3 मार्च तक चल रहे इस दिव्य आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।

Feb 25, 2026 - 18:21
 0
शालीमार एन्क्लेव जैन मंदिर में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के तीसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब
शालीमार एन्क्लेव जैन मंदिर में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के तीसरे दिन हुए कार्यक्रमों की एक झलक।

यह विधान उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज एवं मुनि श्री विश्वसाम्य सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में, पुण्यशाली पारस जैन कंसल एवं मधु जैन कंसल परिवार के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है।

विधान के तीसरे दिन (बुधवार) का शुभारंभ प्रातःकाल भगवान आदिनाथ के पावन अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। बाल ब्रह्मचारी आशीष भैया जी के निर्देशन में विधान के पात्रों द्वारा अष्ट द्रव्यों के साथ विधि-विधानपूर्वक श्रीजी के समक्ष मंडल पर अर्घ्य अर्पित किए गए। मंत्रोच्चार और मंगल ध्वनियों के बीच श्रद्धालुओं ने गहन आध्यात्मिक अनुभूति का साक्षात्कार किया।

सायंकालीन कार्यक्रम में मंदिर परिसर भक्ति-भाव से सराबोर हो उठा। संगीतमय भजनों की मधुर प्रस्तुति के मध्य भगवान आदिनाथ की भव्य मंगल आरती एवं भक्तामर पाठ संपन्न हुआ। दीपों की ज्योति और भक्तिमय वातावरण ने पूरे मंदिर को आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित कर दिया।

इस अवसर पर पारस जैन कंसल, मधु जैन कंसल, संभव जैन कंसल, विनीत जैन, अजीत जैन, सुमेर पांडया, राजकुमार ‘गुड्डू’, राजू गोधा, संजू गोधा, शैलेन्द्र जैन, अंकेश जैन, मुकेश जैन, रूपचंद जैन, अनामिका जैन, अनुभूति जैन, कीर्ति जैन, शशि जैन, मिथलेश जैन सहित समस्त कमला नगर जैन समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor