जब रंगों ने बोली भावनाओं की भाषा, बच्चों की कल्पनाओं ने कागज पर रच दिया अद्भुत संसार, सृजनिका आर्ट गैलरी की चित्रकला प्रदर्शनी में राधा-कृष्ण, सीता-राम और मां के प्रेम ने जीता दिल
आगरा। रंगों, कल्पनाओं और सृजनात्मकता से सजी एक अनूठी कला यात्रा का साक्षी बना सिटी ढाबा रेस्टरां, जहां सृजनिका आर्ट गैलरी के 9वें स्थापना दिवस पर आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी एवं पुरस्कार वितरण समारोह में बच्चों की प्रतिभा ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कागज पर उकेरी गई रंग-बिरंगी तस्वीरों में कहीं राधा-कृष्ण का प्रेम झलकता नजर आया तो कहीं सीता-राम का समर्पण और मदर्स डे पर मां और संतान के अटूट रिश्ते की भावनाएं जीवंत हो उठीं।
कार्यक्रम में 32 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता से दर्शकों को अचंभित कर दिया। प्राकृतिक, स्थिर और अमूर्त चित्रण की विविधता ने प्रदर्शनी को कला के उत्सव में बदल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षाविद रवि नारंग, अध्यक्षता कर रहे संस्कार भारती ब्रज प्रांत के जनरल सेक्रेटरी नंद नंदन गर्ग तथा विशिष्ट अतिथि ललित कला संस्थान के उपनिदेशक डॉ. मनोज कुमार ने गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि चित्रकला केवल कला नहीं, बल्कि मन की भावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि रंग जीवन के तनाव और उदासी को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं।
वार्षिक रिपोर्ट और कलाकारों का सम्मान
संस्थान की निदेशिका डॉ. आभा सिंह गुप्ता ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों और कला के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
निर्णायक मंडल में डीईआई के चित्रकला विभाग से सेवानिवृत्त प्रो. अश्विनी शर्मा और प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल दयालबाग की डॉ. सुनीता शर्मा शामिल रहीं। प्रदर्शनी का सहसंयोजन अंजलि कुशवाह ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संजीव गुप्ता, मानसी अग्रवाल, इशिता, सुदेश कुमार और आराध्या का विशेष सहयोग रहा। धन्यवाद ज्ञापन ई. अतुल गुप्ता ने दिया, जबकि संचालन अंशिका रायजादा और रुचिका अग्रवाल ने किया।
कला प्रेमियों की रही विशेष मौजूदगी
इस अवसर पर संरक्षक लक्ष्मी गुप्ता, शांति देवी, डॉ. सरोज भार्गव, राजीव द्विवेदी, ओम स्वरूप गर्ग, प्रो. बिंदु अवस्थी, प्रो. नीलाम कांत, गजेंद्र सिंह, डॉ. एकता श्रीवास्तव, डॉ. सविता प्रसाद, डॉ. दीपा सिंह, डॉ. शिल्पी गुप्ता साने, दीप्ति जसोरिया, लीना परमार, नीनू गर्ग, डॉ. तपस्या, रश्मि सिंह, शिखा सिंह, विजय सिंह और अंजली मिश्रा सहित अनेक कला प्रेमी मौजूद रहे।
ये रहे प्रतियोगिता के विजेता
प्रतियोगिता को तीन वर्गों में आयोजित किया गया। जूनियर वर्ग में दृष्टि गर्ग, अक्षिता माथुर, कार्तिकेय मिश्रा और रूहानी को बेस्ट पेंटिंग के लिए पुरस्कृत किया गया। सीनियर वर्ग में लव कुमार, रुचिका अग्रवाल, प्रियांक अग्रवाल और अदम्य शर्मा को सम्मानित किया गया। सुपर सीनियर वर्ग में इशिता चौधरी, मानसी अग्रवाल और संस्कृति राठौर को पुरस्कार प्रदान किए गए।
Top of Form