32 साल बाद जब फिर मिले सेंट जॉन्स इंटर कॊलेज के साथी, यादों, मुस्कान और दोस्ती ने थाम लिया वक्त
आगरा। समय भले ही तीन दशक से अधिक आगे बढ़ गया हो, लेकिन सच्ची दोस्ती और स्कूल की यादें कभी पुरानी नहीं होतीं। सेंट जॉन्स इंटर कॉलेज, आगरा के वर्ष 1994 बैच के पूर्व छात्रों ने 32 वर्षों बाद एक बार फिर एक मंच पर मिलकर अपने सुनहरे छात्र जीवन को जी लिया। संजय प्लेस स्थित अर्बन डेक में आयोजित एलुमनाई मिलन समारोह में यादें ताजा हुईं, पुराने किस्से गूंजे और दोस्ती का रिश्ता पहले से भी अधिक मजबूत नजर आया।
करीब 32 वर्षों बाद मिले पूर्व विद्यार्थियों ने अपने स्कूली दिनों के संस्मरण साझा किए, एक-दूसरे की उपलब्धियों पर खुशी जताई और पुराने दिनों की यादों को फिर से जीवंत कर दिया।
यादों का कारवां देर तक चलता रहा
कार्यक्रम में शामिल पूर्व छात्रों ने विद्यालय जीवन के खट्टे-मीठे अनुभवों, शरारतों, शिक्षकों की सीख और मित्रता के अनमोल पलों को साझा किया। वर्षों बाद आमने-सामने मिले साथियों के बीच बातचीत का सिलसिला देर तक चलता रहा। किसी ने अपने करियर की यात्रा साझा की तो किसी ने पारिवारिक और सामाजिक जीवन के अनुभव सुनाए।
पूरे आयोजन के दौरान ऐसा महसूस हुआ मानो समय फिर से 1994 के स्कूल परिसर में लौट आया हो। हंसी, ठहाकों और भावुक पलों ने समारोह को यादगार बना दिया।
केक काटकर मनाया पुनर्मिलन का उत्सव
एलुमनाई मिलन समारोह में सभी साथियों ने मिलकर केक काटा और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी ने भविष्य में भी लगातार संपर्क बनाए रखने और ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।
गीत-संगीत और शायरी ने बांधा समां
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। गीत, संगीत, नृत्य और शेर-ओ-शायरी के दौर ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। पूर्व विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रस्तुतियों से सभी का भरपूर मनोरंजन किया। कई साथियों ने छात्र जीवन से जुड़े रोचक और हास्यपूर्ण प्रसंग सुनाकर सभी को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
समारोह में सीए निर्भय मित्तल, अजय अग्रवाल, राज कुमार वर्मा, सीए प्रवीण गोयल, उमेश टिन्ना, सुनील, संजय अरोड़ा, सचिन गर्ग, विशाल बंसल और मनीष गोयल सहित वर्ष 1994 बैच के अनेक पूर्व विद्यार्थी उपस्थित रहे।