फतेहपुर सीकरी के पतसाल में मिट्टी की ढाय गिरने से महिला की मौत, एक बच्ची घायल

आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में मिट्टी खनन की लापरवाही ने एक महिला की जान ले ली। घरेलू उपयोग के लिए मिट्टी लेने गई महिला और बच्ची अचानक ढही मिट्टी की ढाय में दब गईं, जिससे महिला की मौत हो गई जबकि बच्ची घायल हो गई।

Apr 28, 2026 - 20:01
 0
फतेहपुर सीकरी के पतसाल में मिट्टी की ढाय गिरने से महिला की मौत, एक बच्ची घायल
फतेहपुरसीकरी के पतसाल गांव में पीली मिट्टी की वह खदान, जिसमें ढाय ढहने से महिला की मौत हो गई। दायें मृतका का फोटो।

-महावीर सिंह वर्मा-

फतेहपुर सीकरी (आगरा) फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पतसाल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पीली मिट्टी की खदान की ढाय में दबने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई।

घटना मंगलवार की बताई जा रही है, जब पतसाल नाले पर बने चेक डैम के पास महिलाएं घरेलू उपयोग के लिए मिट्टी लेने पहुंची थीं।

मिट्टी निकालते समय ढही ढाय, दब गईं महिला और बच्ची
जानकारी के अनुसार सपना पुत्री नवरत्न लोधी और मीणा पत्नी मुरारी (उम्र लगभग 42 वर्ष) गहरे गड्ढे में मिट्टी निकाल रही थीं। तभी अचानक ऊपर से मिट्टी की ढाय भरभराकर गिर गई और दोनों उसमें दब गईं।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला। बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि मीणा देवी की हालत गंभीर होने क कारण भरतपुर रैफर किया गया, जहां आरबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दे दी गई है। महिला की मौत के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

चेक डैम निर्माण के बाद बने थे खतरनाक गड्ढे
ग्राम प्रधान राजकुमार लोधी ने बताया कि वर्ष 2025-26 में पतसाल नाले पर जल संरक्षण के लिए चेक डैम बनाया गया था। इस दौरान जेसीबी से खुदाई के कारण गहरे गड्ढे बन गए थे।

ग्रामीण महिलाएं इन्हीं गड्ढों से चूल्हा और कच्चे आंगन के लिए मिट्टी लेने जाती थीं। हाल ही में हुई नमी के कारण मिट्टी ढीली हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद खनन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम किए जाते, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

महिला की मौत से गांव में मातम छा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

SP_Singh AURGURU Editor