फतेहपुर सीकरी में बैंक से निकली महिला दिनदहाड़े बनी निशाना: बाजार में बैग से उड़ाये एक लाख रुपये
-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी। कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए दिनदहाड़े एक महिला के बैग से एक लाख रुपये पार किये जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बैंक से रकम निकालने के कुछ ही देर बाद बाजार में इस वारदात को अंजाम दिया गया, जिससे पीड़ित परिवार के होश उड़ गये। घटना के कई घंटे बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
नगला धीरू निवासी गुड्डू परमार ने बताया कि उनकी पत्नी गुरुवार को अपने छोटे बेटे हरिमोहन के साथ कस्बा स्थित सेंट्रल बैंक ऒफ इंडिया की शाखा से अपने खाते से 1,00,000 रुपये निकालकर बैग में रखकर बाजार पहुंचीं। इसके बाद वह सब्जी मंडी के पास खरीदारी के लिए रुकीं।
पीड़िता के अनुसार, जैसे ही उन्होंने सामान लेने के लिए बैग की चेन खोली, अंदर रखी पूरी रकम गायब थी। अचानक रकम गायब देख उनके होश उड़ गए। घटना के बाद पीड़िता तुरंत बैंक पहुंचीं और मैनेजर को पूरी जानकारी दी। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन किसी संदिग्ध व्यक्ति का स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय थाने को सूचना दी गई।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि बैंक से ही किसी ने उन पर नजर रखी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। वहीं पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुटी है और बाजार व आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
आपसी विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को किया पाबंद
फतेहपुर सीकरी। शुक्रवार रात शाहकुली बड़ी बगीची के समीप दो पक्षों के बीच दुकान में सामान रखने को लेकर कहासुनी हो गई। एक पक्ष द्वारा दुकान के बाहर सामान रखे जाने पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने कमल , दीपक माहौर , रोहित , रणबीर , मोहन , आदित्य तथा शिवा को शांति भंग के तहत पाबंद करते हुए सक्षम न्यायालय में पेश किया।
गुर्जरपुरा में आग से 100 मन भूसा व चार बिटोरे जलकर राख
फतेहपुर सीकरी। ग्राम गुर्जरपुरा में बृहस्पतिवार देर रात भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। सड़क किनारे बने भूसे के ढेर और बिटोरों में अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में करीब 100 मन भूसा और चार बिटोरे जलकर राख हो गए।
जानकारी के अनुसार शिवसिंह पुत्र तेजसिंह प्रजापति, राधे पुत्र दौजीराम, साबू खां पुत्र इदा, विजय सिंह पुत्र दौजीराम, इंदर पुत्र मगनीराम और हरवीर पुत्र शिवसिंह प्रजापति के बाड़े में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास रखे भूसे व उपलों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। बाद में दमकल की तीन गाड़ियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।