सीएचसी में गंदगी और फायर सुरक्षा पर भड़कीं महिला आयोग अध्यक्ष,अधिकारियों को लगाई फटकार
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान ने आगरा के सीएचसी एत्मादपुर का निरीक्षण कर अस्पताल परिसर में गंदगी, महिलाओं के शौचालयों की बदहाल स्थिति और फायर सुरक्षा की कमी पर नाराज़गी जताई। उन्होंने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए तथा अस्पताल में वेंडिंग मशीन लगाने का आश्वासन दिया। वहीं नारी निकेतन के निरीक्षण में उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए महिलाओं के पुनर्वास के लिए परिजनों से संपर्क करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था में मिलीं खामियां, वहीं नारी निकेतन की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान ने गुरुवार को आगरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एत्मादपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में व्याप्त गंदगी, महिलाओं के शौचालयों की बदहाल स्थिति और फायर सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बबिता चौहान ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केंद्र और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी पर उन्होंने गहरी नाराज़गी जताते हुए नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाने और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला आयोग अध्यक्ष ने विशेष रूप से महिलाओं के लिए बने शौचालयों की दयनीय स्थिति पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिलने पर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगहों पर अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अस्पताल में महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाने का आश्वासन भी दिया। वहीं एक्स-रे मशीन और अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की मांग उच्च स्तर पर नहीं भेजे जाने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई और आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।
हालांकि निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों ने डॉक्टरों की उपलब्धता, चिकित्सा स्टाफ के व्यवहार और दवाइयों की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया। इस पर महिला आयोग अध्यक्ष ने चिकित्सा कर्मियों के कार्य की सराहना की, लेकिन साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार पर विशेष जोर दिया।
नारी निकेतन का भी किया निरीक्षण
सीएचसी एत्मादपुर के निरीक्षण से पहले बबिता चौहान ने आगरा स्थित नारी निकेतन का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने साफ-सफाई, भोजन, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने नारी निकेतन में वर्षों से रह रही महिलाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को उनके परिजनों से संपर्क स्थापित कर पुनर्वास की दिशा में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डॉक्टर, डेंटिस्ट और सुरक्षा व्यवस्था को पर्याप्त बताते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के अंत में महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं से जुड़े संस्थानों और स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।