आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे कॉरिडोर को योगी कैबिनेट की बड़ी सौगात, आगरा कैंट-कालिंदी विहार सेक्शन में स्टेशन और वायडक्ट निर्माण के लिए सेवायोजन कार्यालय परिसर की रिक्त पड़ी 550 वर्गमीटर जमीन निःशुल्क हस्तांतरित

आगरा। आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे कॉरिडोर को लेकर योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनने वाले दूसरे मेट्रो कॉरिडोर में स्टेशन और वायडक्ट निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 550 वर्गमीटर नजूल भूमि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को निःशुल्क हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।

May 18, 2026 - 15:02
 0
आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे कॉरिडोर को योगी कैबिनेट की बड़ी सौगात, आगरा कैंट-कालिंदी विहार सेक्शन में स्टेशन और वायडक्ट निर्माण के लिए सेवायोजन कार्यालय परिसर की रिक्त पड़ी 550 वर्गमीटर जमीन निःशुल्क हस्तांतरित

जानकारी के अनुसार आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के अंतर्गत दूसरे कॉरिडोर यानी आगरा कैंट से कालिंदी विहार सेक्शन में साईं का तकिया चौराहे पर मेट्रो स्टेशन और वायडक्ट निर्माण के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता थी। इसके लिए जिलाधिकारी आगरा ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। यह भूमि मौजा चक अव्वल, तहसील सदर के अंतर्गत खसरा संख्या 618, नजूल भूखंड संख्या 1619 में स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर की पार्क के रूप में रिक्त पड़ी भूमि में से चिन्हित की गई थी।

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक की ओर से भी इस भूमि के आवंटन और हस्तांतरण के लिए शासन से अनुरोध किया गया था। इसके बाद शासन स्तर पर प्रस्ताव का परीक्षण किया गया और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इसे स्वीकृति प्रदान कर दी गई।

कैबिनेट से पारित प्रस्ताव के अनुसार 550 वर्गमीटर भूमि सर्किल दर में छूट प्रदान करते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को निःशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह निर्णय विशेष परिस्थिति में लिया गया है और इसे भविष्य में किसी अन्य मामले में दृष्टांत के रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

माना जा रहा है कि इस फैसले से आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर के निर्माण कार्य में तेजी आएगी। आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक का यह कॉरिडोर शहर के घनी आबादी वाले हिस्सों को जोड़ेगा और लाखों यात्रियों को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगा। साथ ही ट्रैफिक दबाव कम करने और शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor