सिंगापुर-जापान दौरे से योगी ने भर दी यूपी की झोली, यूपी में बड़े निवेश का रास्ता खुला, डेढ लाख करोड़ के निवेश होंगे
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ अपनी टीम के साथ सिगापुर और जापान दौरे से आज लखनऊ पहुंच गए हैं। योगी का दौरान काफी हद तक सफल रहा है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का सिंगापुर और जापान दौरा पूरा हो गया है। इस दौरान कई अहम समझौते योगी आदित्यनाथ ने किए। सिंगापुर और जापान से योगी आदित्यनाथ ने डेढ़ लाख करोड़ के एमओयू साइन किए हैं। योगी ने सिंगापुर के साथ 60 हजार करोड़ और जापान की कंपनियों के साथ 90 हजार करोड़ के एमओयू साइन किए हैं।
प्रथम ओएके ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के साथ 3000 करोड़ का एमओयू साइन किया। यह समझौता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आधिकारिक सिंगापुर दौरे के दौरान हुआ, जहां उनकी मुलाकात प्रथम ओएके के एमडी अमृतांशु रॉय से हुई। अमृतांशु रॉय सिंगापुर स्थित ग्रीनफील्ड एडवाइजर के सीओओ भी हैं। ग्रीनफील्ड एडवाइजर मूल कंपनी है और वैश्विक स्तर पर निवेश और विकास से जुड़ी गतिविधियों का संचालन करती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बैठक की जानकारी अपने सोशल मीडिया पोस्ट में साझा करते हुए इसे प्रोडक्टिव मीटिंग बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में उच्च-विकास क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर, उभरते उद्योगों और दीर्घकालिक पूंजी निवेश पर चर्चा हुई, जो राज्य के तेज आर्थिक विस्तार को मजबूती देगा।
3000 करोड़ रुपये का यह निवेश राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, हॉस्पिटैलिटी, आवासीय और वाणिज्यिक रियल एस्टेट परियोजनाओं पर केंद्रित होगा। पहले चरण में प्रयागराज, लखनऊ और बरेली में लगभग 250 कमरों वाले तीन 5-स्टार होटल विकसित करने की योजना है। ये होटल व्यापक शहरी विकास योजना का हिस्सा होंगे।
ओएके की उत्तर प्रदेश में पहले से मजबूत उपस्थिति है। लखनऊ में कंपनी दो प्रीमियम आवासीय परियोजनाएं एटमास और नेटुरा पूरी कर चुकी है, जबकि ईडनएट1 निर्माणाधीन है। बरेली में कंपनी ने हाल ही में अपना क्षेत्रीय कार्यालय शुरू किया है। यहां तीन अलग-अलग आवासीय परियोजनाओं की योजना है, जिनमें नैनीताल–पीलीभीत रोड के पास ग्रुप हाउसिंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, अहलादपुर में एक टाउनशिप और पीलीभीत रोड के निकट एक अन्य आवासीय परियोजना शामिल है।
एमओयू साइन करने के बाद अमृतांशु रॉय ने कहा ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। 3000 करोड़ का यह निवेश राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर और शहरी विकास पर हमारे दीर्घकालिक भरोसे को दर्शाता है। हम चरणबद्ध और संतुलित तरीके से हॉस्पिटैलिटी, आवासीय और वाणिज्यिक परियोजनाएं विकसित करेंगे। इन परियोजनाओं को आवश्यक स्वीकृतियों के बाद चरणों में शुरू किया जाएगा।
वहीं, योगी आदित्यनाथ ने जापान दौरे के बाद कहा कि मैं अगस्त में उत्तर प्रदेश में 200 सीईओ के डेलीगेशन को लीड करने के गवर्नर के प्रपोजल का स्वागत करता हूं, जिससे औद्योगिक साझेदारी और निवेश की रफ्तार और तेज होगी।