ब्रज के कायाकल्प का योगी प्लान: तीन साल में पूरा होगा 84 कोस परिक्रमा का काम, 200 धरोहरों को ‘तीर्थ मित्र’ योजना से मिलेगा संरक्षण
मथुरा। ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास, धार्मिक विरासत के संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा रोडमैप तय किया है। गीता शोध संस्थान परिसर स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में गुरुवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की नौवीं बोर्ड बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा का काम अगले तीन वर्षों में तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। इसके अलावा मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग पर सुगम यातायात के लिए सड़क निर्माण, पीपीपी या रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर मल्टीलेवल पार्किंग, 200 प्राचीन धरोहरों के संरक्षण और वृंदावन परिक्रमा मार्ग को सुरक्षित बनाने सहित कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
तीन चरणों में पूरी होगी 84 कोस परिक्रमा
मुख्यमंत्री ने ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के कार्य को अगले तीन वर्षों में तीन चरणों में पूरा करने के निर्देश दिए। परिक्रमा मार्ग के विकास के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन और सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद उनकी निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने और पुराने कार्यों में तेजी लाकर उन्हें समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
‘तीर्थ मित्र’ योजना से 200 धरोहरें सहेजेंगे
संस्कृति विभाग की ‘स्मारक मित्र’ योजना की तर्ज पर ब्रज क्षेत्र में ‘तीर्थ मित्र’ योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत उच्च विरासत महत्व वाली 200 चिह्नित जीर्ण-शीर्ण धरोहर संरचनाओं और स्मारकों का व्यवस्थित संरक्षण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्राचीन पांडुलिपियों, ज्ञान और साहित्य को भी संरक्षित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में हार्टफुलनेस फाउंडेशन, हैदराबाद द्वारा सीएसआर के तहत विकास कार्य कराने तथा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए 10 गोल्फ कार्ट दान करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग पर बनेगी सड़क
मथुरा-वृंदावन में बढ़ती यातायात और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मथुरा-वृंदावन रेल ट्रैक पर सड़क मार्ग विकसित करने की योजना पर सहमति बनी। वृंदावन में नए सिटी बस मार्ग पर ऐसे वाहनों का ही संचालन किया जाएगा, जो स्थानीय मार्गों के अनुरूप हों।
पीपीपी मॉडल पर बनेंगी मल्टीलेवल पार्किंग।
मुख्यमंत्री ने मथुरा-वृंदावन में अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया विकसित करने के निर्देश दिए। मल्टीलेवल पार्किंग व्यवस्था पीपीपी या रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर विकसित की जाएगी। इन पार्किंग स्थलों में डॉरमेट्री, कैफे और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं के साथ जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बारिश में फिसलन से मुक्त होगा परिक्रमा मार्ग
वृंदावन परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम बनाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्ग में ऐसे पत्थर और मिट्टी का इस्तेमाल किया जाए, जिन पर बारिश के दौरान फिसलन न हो और जो पैदल चलने वालों के पैरों में न चुभें। परिक्रमा मार्ग के सुदृढ़ीकरण में श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया।
खारे पानी की समस्या से निपटने पर जोर
मथुरा की पुरानी खारे पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को प्रमुख आधार बनाने के निर्देश दिए। भूजल स्तर बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक तालाबों का निर्माण कराने तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। जल संरक्षण की योजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
जन्माष्टमी पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) पर कर्मचारियों की निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। बारिश के मौसम को देखते हुए भी लगातार सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
दो शिफ्टों में होगी सफाई, कूड़ा निस्तारण पर निगरानी
मुख्यमंत्री ने ब्रज में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शहरों में दो शिफ्टों में सफाई कराने के निर्देश दिए। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को प्रभावी बनाने और कूड़े के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ब्रज में विकास के साथ स्वच्छता का बदलाव भी जमीन पर दिखाई देना चाहिए।
बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा संदीप सिंह, राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह और राजेश चौधरी, एमएलसी योगेश नौहवार, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन वी. हेकाली झिमोमी, प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन तथा नगर विकास पी. गुरूप्रसाद, परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन, पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त आगरा मंडल नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी एन जी, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय और राष्ट्रीय लोक दल नेता प्रीतम सिंह उपस्थित रहे।