गंगा दशहरा पर यमुना में समाया युवक, आगरा के बटेश्वर घाट पर चीख-पुकार, चेतावनी के बाद भी नहीं थम रहे हादसे, स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया था

-नीरज परिहार- पिनाहट (आगरा)। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर तीर्थ नगरी बटेश्वर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यमुना नदी में स्नान कर रहा एक युवक अचानक गहरे पानी में समा गया। देखते ही देखते युवक लापता हो गया और घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया। दोपहर तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

May 25, 2026 - 10:49
May 25, 2026 - 10:52
 0
गंगा दशहरा पर यमुना में समाया युवक, आगरा के बटेश्वर घाट पर चीख-पुकार, चेतावनी के बाद भी नहीं थम रहे हादसे, स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया था
डूबे युवक की स्टीमर में बैठकर तलाश करते बचावकर्मी।

यमुना की लहरों में युवक के समा जाने के बाद सर्च अभियान के दौरान बटेश्वर घाट पर मौजूद लोग और पुलिसकर्मी।

बताया गया है कि आगरा निवासी युवक अपने दोस्त के साथ गंगा दशहरा पर बटेश्वर धाम पर यमुना में स्नान करने आया था। स्नान के दौरान युवक गहरे पानी की तरफ चला गया और तेज बहाव में डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में गायब हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार साहिल पुत्र हेत सिंह निवासी श्याम लाल की बगिया, ग्वालियर रोड आगरा अपने साथी दीपक के साथ आगरा-इटावा पैसेंजर ट्रेन से बटेश्वर रेलवे हाल्ट पर उतरा था। दोनों मित्र दशहरा पर्व पर भोलेनाथ के दर्शन और यमुना स्नान के लिए बटेश्वर धाम पहुंचे थे।

बताया गया है कि स्नान करते समय साहिल अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथी दीपक द्वारा शोर मचाने पर घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस एवं डायल 112 को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस बल और पीएसी के जवान मौके पर पहुंचे तथा युवक की तलाश के लिए यमुना नदी में सर्च अभियान चलाया गया। काफी देर तक पानी में खोजबीन की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

घटना थाना बाह क्षेत्र स्थित बटेश्वर के यमुना घाट की है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई। कई घंटों तक यमुना नदी में सर्च अभियान चलता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट पर लगातार चेतावनी दी जा रही थी कि श्रद्धालु गहरे पानी में न जाएं, इसके बावजूद युवक आगे बढ़ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बटेश्वर घाट पर पूर्व में भी कई बार डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा के स्थायी इंतजाम अब तक नहीं किए गए हैं।

गंगा दशहरा पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ बटेश्वर धाम पहुंची थी। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और निगरानी के दावे किए जा रहे थे, लेकिन हादसे ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की तलाश लगातार जारी है। गोताखोरों की टीम नदी में सघन अभियान चला रही है। युवक की पहचान और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor