पालीवाल पार्क में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, हिमाचल से छुट्टी मनाने आया था घर
आगरा के पालीवाल पार्क में रविवार सुबह शिवम नामक युवक का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार युवक की हत्या पत्थर से चेहरे को कूचकर की गई है। मृतक को शनिवार शाम एक युवक के साथ शराब पीते देखा गया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
शराब पार्टी के बाद मिला लहूलुहान शव, चेहरे पर जानवरों के नोचने के निशान
आगरा। आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित पालीवाल पार्क में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पार्क में घूमने आए लोगों ने मजार के पास एक युवक का खून से सना शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही थाना हरीपर्वत पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान पास की बस्ती में रहने वाले शिवम के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, युवक की हत्या चेहरे को पत्थर से कुचलकर किए जाने की आशंका है। शव पर जानवरों द्वारा काटे जाने के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या के बाद शव देर रात तक पार्क में पड़ा रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि शिवम कुछ समय पहले ही हिमाचल प्रदेश से छुट्टी लेकर घर आया था, जहां वह एक वेल्डिंग फैक्ट्री में काम करता था। उसका बड़ा भाई जिगर ई-रिक्शा चलाता है, जबकि माता-पिता मजदूरी और भीख मांगकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
भाई जिगर के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे शिवम घर से निकला था। इलाके के लोगों ने उसे देसी शराब के ठेके पर अमूल नामक युवक के साथ शराब पीते हुए देखा था। इसके बाद वह रातभर घर नहीं लौटा। रविवार सुबह पार्क में शव मिलने की सूचना पर परिवार मौके पर पहुंचा।
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है और अमूल नामक युवक समेत शिवम के संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।