न्याय की राह पर बढ़े युवा कदम, आगरा में विधि इंटर्नशिप पूर्ण करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र दिए गए

आगरा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के तत्वावधान में गुरुवार को आगरा कॉलेज के सेमिनार हॉल में विधि इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं प्रमाण-पत्र वितरित किए गये। समारोह में न्यायिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

Jul 2, 2026 - 21:24
 0
न्याय की राह पर बढ़े युवा कदम, आगरा में विधि इंटर्नशिप पूर्ण करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र दिए गए
आगरा कॊलेज के सेमिनार हॊल में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में विधि इंटर्नशिप पूरी करने वाले छात्रों के साथ मौजूद जिला जज संजय कुमार मलिक एवं अन्य न्यायिक अधिकारी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के अध्यक्ष संजय कुमार मलिक ने की। मंच पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शारिब अली, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पूर्णकालिक एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पंकज कुमार-I, प्रो. डॉ. अरुण कुमार दीक्षित (कोऑर्डिनेटर) तथा डॉ. मदन मोहन शर्मा उपस्थित रहे।

न्याय केवल कानून नहीं, समाज सेवा का माध्यम भी : संजय कुमार मलिक

अपने अध्यक्षीय संबोधन में जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक ने कहा कि विधिक शिक्षा का उद्देश्य केवल कानून की जानकारी प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से न्याय, सेवा और संवेदनशीलता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।

विधिक सेवा योजनाओं से जुड़ने का दिया संदेश

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शारिब अली तथा सचिव पूर्णकालिक पंकज कुमार-I ने विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर समाज के वंचित, गरीब और जरूरतमंद वर्गों के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप के दौरान प्राप्त व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के विधिक जीवन की मजबूत नींव साबित होंगे।

व्यावहारिक अनुभव से मिलता है नई दिशा

कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर प्रो. डॉ. अरुण कुमार दीक्षित ने कहा कि न्यायालयों और विधिक संस्थाओं में प्राप्त प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, व्यावसायिक दक्षता और न्यायिक समझ को नई दिशा प्रदान करता है। उन्होंने इंटर्नशिप को विधि शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना होती है मजबूत

डॉ. मदन मोहन शर्मा, अध्यक्ष, श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं आगरा कॉलेज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र सेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षु विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर डी. सी. मिश्रा (विभागाध्यक्ष, विधि विभाग, आगरा कॉलेज), शशिकांत पांडे, श्रीमती प्रमिला शर्मा, विधि संकाय के शिक्षकगण, अधिवक्तागण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor