योग के रंगों में निखरी नन्हीं प्रतिभाएं: गीता शोध संस्थान में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में योग के विविध स्वरूपों को किया साकार
योग सप्ताह के तहत गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रशिक्षु बच्चों ने योग के विभिन्न स्वरूपों को चित्रों के माध्यम से साकार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान नियमित योगाभ्यास भी कराया गया तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष आयोजन की घोषणा की गई।
वृंदावन। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के आह्वान पर 15 से 21 जून तक मनाए जा रहे योग सप्ताह के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सहयोग से गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन में शुक्रवार को योग विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रासलीला, सांस्कृतिक मंचन एवं कथक नृत्य का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के विभिन्न आसनों, स्वस्थ जीवनशैली और भारतीय संस्कृति को अपने चित्रों के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
संस्थान के कोऑर्डिनेटर चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने बताया कि योग सप्ताह के आयोजन का उद्देश्य बच्चों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रंगों के माध्यम से योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक महत्व को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के सफल संचालन में प्रशिक्षक एवं कोरियोग्राफर श्रीमती रितु सिंह, मानसी राजपूत, संगीतज्ञ मनमोहन कौशिक तथा सुनील पाठक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और बच्चों का मार्गदर्शन किया।
प्रतियोगिता में नंदिनी, जानवी, कनिका, रुक्मणि, आरती, मोहिनी, छवि, खुशी, दीक्षा, पूर्वी, प्रियांशु, सुनील, दिव्या, प्रियांशी, संजना, राशि, वीर, साक्षी, शबनम, छाया, यशु, चंचल सहित अनेक प्रशिक्षुओं ने भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
संस्थान में योग सप्ताह के प्रथम दिवस से ही प्रशिक्षुओं को नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है। इस दौरान बच्चों ने सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने उन्हें योग के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नयन से जुड़े लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी।
संस्थान की ओर से बताया गया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रशिक्षु, शिक्षक और अन्य प्रतिभागी सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।