प्रेमी से शादी की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ी युवती, दो घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
आगरा के शमसाबाद क्षेत्र के गांव गढ़ी डन्डूरा में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। युवती प्रेमी से शादी की मांग कर रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच और काउंसलिंग में जुटी है।
आगरा। आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी डन्डूरा में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती प्रेम प्रसंग के चलते गांव के बाहर लगेविद्युत हाईटेंशन टावर पर जा चढ़ी। टावर की ऊंचाई पर युवती को खड़े देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती अपने प्रेमी से शादी करने की मांग पर अड़ी हुई थी। बताया जा रहा है कि परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे, जिससे नाराज होकर युवती ने यह खतरनाक कदम उठा लिया। टावर पर चढ़ने के बाद युवती काफी देर तक नीचे उतरने से इनकार करती रही। नीचे खड़े परिजन उसे मनाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही।
घटना की सूचना मिलते ही थाना शमसाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत आसपास के लोगों को टावर से दूर कराया और हालात को संभालने का प्रयास शुरू किया। युवती की सुरक्षा को देखते हुए बिजली विभाग को भी सूचना दी गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने लगातार युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
करीब दो घंटे तक गांव में हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। टावर पर खड़ी युवती को देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा रहे। पुलिस अधिकारियों ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए युवती से बातचीत जारी रखी। काफी मशक्कत और समझाने के बाद आखिरकार युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
युवती के सकुशल नीचे आने के बाद परिजनों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। घटना के बाद पुलिस युवती और उसके परिजनों की काउंसलिंग कराने में जुटी हुई है। वहीं गांव और आसपास के इलाकों में यह मामला पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।