ऑटो का इंतजार कर रहे युवक को कार में बैठाकर लूटा, चार शातिर गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कार बरामद

आगरा में बिजलीघर से सवारी बनकर युवक को कार में बैठाकर लूटने वाले चार आरोपियों को थाना एकता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने जाम का बहाना बनाकर पीड़ित को सुनसान रास्ते पर ले जाकर उसका बैग, मोबाइल, नकदी और दस्तावेज लूट लिए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर 48 घंटे के भीतर गिरोह का खुलासा करते हुए वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार और 420 रुपये बरामद किए हैं।

Jun 10, 2026 - 19:27
 0
ऑटो का इंतजार कर रहे युवक को कार में बैठाकर लूटा, चार शातिर गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कार बरामद
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

आगरा। आगरा के थाना एकता क्षेत्र में सवारी बनकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार और लूटी गई रकम में से 420 रुपये बरामद किए हैं।

पीड़ित ने थाना एकता में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 7 जून 2026 को वह बिजलीघर चौराहे पर अपने घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक वैगनआर कार वहां पहुंची, जिसमें पहले से तीन लोग सवार थे। घर जाने की जल्दी में वह भी कार में बैठ गया।

आरोप है कि रास्ते में चालक ने फतेहाबाद रोड पर जाम होने का बहाना बनाकर वाहन को शमशाबाद की ओर वैकल्पिक मार्ग पर मोड़ लिया। जब कार रजरई क्षेत्र के पास पहुंची तो चालक और उसके साथियों ने मिलकर उसका बैग छीन लिया। इसके बाद पीड़ित को कार से नीचे उतारकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित के बैग में 2,900 रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर थाना एकता पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने 9 जून को मुखबिर की सूचना पर गुतला पुल से बगदा पुल जाने वाले मार्ग के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी करन सिंह ने बताया कि वह वैगनआर कार को किराये पर चलाता है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बिजलीघर के पास खड़े व्यक्ति को योजनाबद्ध तरीके से कार में बैठाया और सुनसान रास्ते पर ले जाकर उससे नकदी व सामान लूट लिया।

पुलिस ने करन सिंह पुत्र राजू, निवासी नया बांस, शमशाबाद, हाल पता मीरा विहार, कहरई, सौरभ पुत्र मान सिंह, निवासी घांस सहवास, सदर बाजार हाल पता- प्रीति विहार, कहरई मोड़, रामबरन पुत्र स्व. गीतराम, निवासी गड़ाइच, धौलपुर, राजस्थान (हाल पता- वंशी विहार कॉलोनी, कहरई और सौरभ स्वरूप पुत्र मोतीलाल, निवासी सिकंदरपुर महमूद, फर्रुखाबाद, हाल पता- नालंदा टाउन, रजरई को गिरफ्तार किया है। 

मुख्य आरोपी करन सिंह के खिलाफ पूर्व में भी लूट, अवैध हथियार और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार अन्य तीन आरोपियों का नाम भी इसी लूटकांड से संबंधित मुकदमे में सामने आया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सौरभ सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विकास सिवाच, मनीष चौधरी, सुमित राठी, विमलेश कुमार, आदित्य चौधरी तथा कांस्टेबल सनी राय और हैप्पी कुमार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।